सौरभ राय/रफ्तार मीडिया
रांची: जेपीएससी द्वारा आयोजित की गई 14वीं पीटी परीक्षा को लेकर जारी विवाद के बीच राज्य की मुख्य विपक्षी दल भाजपा ने इस मामले में निष्पक्ष और व्यापक जांच की मांग की है। भाजपा के प्रदेश मुख्य प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने राज्य के मुख्यमंत्री से जेपीएससी के पूर्व अध्यक्ष खियांगते की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते हुए कहा कि परीक्षा प्रक्रिया में हुई कथित अनियमितताओं के लिए जिम्मेदार सभी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
पूर्व जेपीएससी अध्यक्ष के कार्यप्रणाली पर उठाए गए सवाल
वहीं,प्रतुल शाहदेव ने जेपीएससी विवाद में अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि तत्कालीन जेपीएससी अध्यक्ष खियांगते ने परीक्षा परिणाम पर अकेले हस्ताक्षर किए थे, जिससे आयोग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि तत्कालीन सहायक परीक्षा नियंत्रक श्वेता गुप्ता का स्थानांतरण होने के बावजूद उन्हें कार्यमुक्त नहीं किया गया। बाद में श्वेता गुप्ता की सीआईडी द्वारा गिरफ्तारी से पूरे मामले में तत्कालीन अध्यक्ष की भूमिका भी संदेह के घेरे में आ गई है और ऐसे में उनकी भूमिका की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
जेपीएससी सदस्य जमाल अहमद को पद से हटाया जाए एवं संपत्ति की जांच हो - भाजपा
भाजपा द्वारा मांग किया गया कि जेपीएससी सदस्य जमाल अहमद को तत्काल पद से हटाया जाए तथा उनकी संपत्ति की भी जांच कराई जाए। प्रतुल शाहदेव का कहना था कि इस पूरे प्रकरण में केवल निचले स्तर के अधिकारियों पर कार्रवाई पर्याप्त नहीं है, बल्कि निर्णय लेने वाले जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही भी तय होनी चाहिए।