दीनबंधु राउत / रफ्तार मीडिया संवाददाता जामताड़ा।


भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष एवं भाजपा नेत्री बबीता झा ने रविवार को जामताड़ा विधानसभा क्षेत्र के जामताड़ा एवं मिहिजाम नगर क्षेत्र में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बूथ स्तर पर चल रहे कार्यों का जायजा लिया और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर अभियान को प्रभावी एवं समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान बबीता झा ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की प्रगति की जानकारी ली तथा बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) एवं पार्टी कार्यकर्ताओं से अभियान के दौरान आ रही समस्याओं पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने में शुद्ध एवं अद्यतन मतदाता सूची की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। इसलिए प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम सूची में शामिल हो तथा किसी भी योग्य मतदाता का नाम छूटने न पाए, इसके लिए सभी कार्यकर्ताओं को पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करना चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर मतदाताओं को एसआईआर अभियान की जानकारी देने, आवश्यक प्रपत्र भरवाने तथा मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन एवं अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं में लोगों का सहयोग करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जागरूकता के अभाव में कई पात्र नागरिक मतदाता सूची से वंचित रह जाते हैं, इसलिए जनसंपर्क के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचना आवश्यक है। भाजपा नेत्री ने कहा कि पार्टी संगठन लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं को मजबूत करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी से विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाया जाएगा। उन्होंने सभी बूथों पर अभियान की नियमित निगरानी करने तथा समय सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने पर भी बल दिया।इस अवसर पर भाजपा के स्थानीय पदाधिकारी, महिला मोर्चा की कार्यकर्ता, बूथ स्तर के कार्यकर्ता एवं अन्य पार्टी सदस्य उपस्थित रहे।