सौरभ राय/रफ्तार मीडिया
रांची: झारखंड के मुख्य विपक्षी दल भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन आगामी 6 और 7 जून को झारखंड दौरे में आ रहे हैं। दो दिवसीय दौरे की सफलता सुनिश्चित करने के लिए प्रदेश भाजपा ने संगठनात्मक स्तर पर व्यापक रणनीति तैयार कर ली है। इसी क्रम में बुधवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू की अध्यक्षता में व्यवस्था समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें राष्ट्रीय अध्यक्ष के दौरे से जुड़े कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए विभिन्न नेताओं और पदाधिकारियों के बीच जिम्मेदारियों का बंटवारा किया गया।
*राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने का बाद नितिन नवीन का पहली बार झारखंड दौरा*
बैठक सम्पन्न होने के बाद भाजपा के प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाऊरी ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के झारखंड आगमन को लेकर कार्यकर्ताओं और नेताओं में विशेष उत्साह का माहौल है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद यह उनका पहला झारखंड दौरा है, इसलिए पार्टी इसे विशेष महत्व दे रही है। दौरे के दौरान वे संगठनात्मक बैठकों, कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रमों तथा कई गैर राजनीतिक आयोजनों में भी हिस्सा लेंगे।अमर कुमार बाऊरी ने कहा कि प्रदेश कार्यालय में आयोजित बैठक का मुख्य उद्देश्य राष्ट्रीय अध्यक्ष के कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा तैयार करना और उनके सफल संचालन के लिए जिम्मेदारियों का निर्धारण करना था। बैठक में आगमन से लेकर विभिन्न कार्यक्रम स्थलों तक की व्यवस्थाओं, कार्यकर्ताओं की सहभागिता, आवागमन, आवास एवं अन्य व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
* प्रदेश भाजपा को मिलेगी मजबूती- अमर कुमार बाउरी*
अमर कुमार बाउरी ने अपने संबोधन में कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का यह दौरा झारखंड भाजपा के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण साबित होगा। इससे न केवल संगठन को नई मजबूती मिलेगी, बल्कि कार्यकर्ताओं में भी नया जोश और ऊर्जा का संचार होगा। उन्होंने दावा किया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ ही साथ आम लोगों में भी उत्साह देखने को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि नितिन नवीन का रांची और झारखंड से विशेष जुड़ाव रहा है। उनका जन्म रांची में हुआ तथा उनकी प्रारंभिक और उच्च शिक्षा भी यहीं हुई है। ऐसे में झारखंड उनके लिए कोई नई जगह नहीं है, बल्कि यह उनके जीवन और राजनीतिक यात्रा का महत्वपूर्ण हिस्सा रहा है। यही कारण है कि उनके आगमन को लेकर कार्यकर्ताओं में विशेष आत्मीयता और उत्सुकता दिखाई दे रही है।
*इनकी रही उपस्थिति*
बैठक के दौरान प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के अलावा प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश, हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल, रांची के वरिष्ठ विधायक सीपी सिंह, हटिया विधायक नवीन जायसवाल, बड़कागांव विधायक रोशनलाल चौधरी, प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा, अमर कुमार बाऊरी, मनोज सिंह, रांची के उपमहापौर नीरज कुमार सहित रांची महानगर, रांची पूर्वी, रांची पश्चिमी एवं रामगढ़ के जिला अध्यक्ष तथा संबंधित जिला प्रभारियों और पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।