सौरभ राय/राँची:राजधानी राँची में कुछ दिनों पूर्व रिम्स  की डेंटल छात्रा के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म की घटना को लेकर पूरे राज्य में आक्रोश देखा जा रहा है। इस बीच राज्य की मुख्य विपक्षी दल भाजपा  ने  राज्य सरकार के खिलाफ आंदोलन की घोषणा कर दी है।

*राज्य की कानून व्यवस्था भयवय- आदित्य साहू*
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने राज्य के लॉ एंड ऑर्डर पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि राँची में हाल के दिनों में हुई दुष्कर्म की घटनाएं, जिनमें मासूम बच्ची के साथ दरिंदगी और डेंटल छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म शामिल है, राज्य की कानून व्यवस्था की भयावह स्थिति को दर्शाती हैं। उन्होंने इसे मानवता को शर्मसार करने वाली घटनाएं बताया।उन्होंने आरोप लगाया कि हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली सरकार में अपराध लगातार बढ़ रहे हैं और सरकार तुष्टिकरण की राजनीति में लिप्त है। उनके अनुसार, यदि प्रारंभिक स्तर पर सख्त कार्रवाई होती, तो अपराधियों का मनोबल इतना नहीं बढ़ता।

*आज मशाल जुलूस कल एसएसपी कार्यालय का घेराव*
भाजपा ने इस मुद्दे पर 19 और 20 अप्रैल को आंदोलन की रूपरेखा तय की है। 19 अप्रैल को शाम 5:30 बजे जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से अल्बर्ट एक्का चौक तक मशाल जुलूस निकाला जाएगा। वहीं 20 अप्रैल को सुबह 11 बजे राँची  एसएसपी कार्यालय का घेराव किया जाएगा। यह कार्यक्रम भाजपा राँची महानगर, पूर्वी और पश्चिमी जिला इकाइयों के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होगा। वहीं,प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने स्पष्ट रूप से कहा कि नारी सुरक्षा से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और इस जघन्य अपराध के दोषियों को स्पीडी ट्रायल के माध्यम से कड़ी सजा, यहां तक कि फांसी दी जानी चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह के अपराधों पर रोक लग सके।