दीनबंधु राउत / रफ्तार मीडिया  संवाददाता कुंडहित जामताड़ा 
डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के 125वें स्मरण पर्व के अवसर पर नाला विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत कुंडहित डाक बंगला परिसर में भारतीय जनता पार्टी का कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष सुमित शरण ने की। सम्मेलन में झारखंड मुक्ति मोर्चा और कांग्रेस के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड के प्रथम मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी उपस्थित रहे। अपने संबोधन में बाबूलाल मरांडी ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के जीवन और योगदान को याद करते हुए उन्हें महान शिक्षाविद्, प्रखर राष्ट्रवादी और भारतीय जनसंघ का संस्थापक बताया। उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी ने राष्ट्र की एकता और अखंडता के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित किया, जिसका अनुसरण भाजपा के कार्यकर्ता आज भी कर रहे हैं।इस दौरान बाबूलाल मरांडी ने राज्य की हेमंत सोरेन सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सरकार के मंत्री विकास के बजाय भ्रष्टाचार में लिप्त हैं। उन्होंने कहा कि राज्य की जनता विभिन्न समस्याओं से जूझ रही है, जबकि सरकार जनहित के मुद्दों पर गंभीर नहीं है। पूर्व सांसद सुनील सोरेन ने कहा कि नाला विधानसभा क्षेत्र में बड़ी संख्या में झामुमो और कांग्रेस के कार्यकर्ताओं का भाजपा में शामिल होना इस बात का संकेत है कि जनता का भरोसा भाजपा की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में झारखंड में भाजपा की सरकार बनेगी। भाजपा जिलाध्यक्ष सुमित शरण ने कहा कि कार्यकर्ताओं ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के आदर्शों पर चलने तथा राष्ट्र की एकता, अखंडता और स्वाभिमान की रक्षा के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का संकल्प लिया। वहीं पूर्व मंत्री सत्यानंद झा ने नए सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि इससे संगठन और अधिक मजबूत होगा। भाजपा नेता माधव महतो ने दावा किया कि लगभग 150 कार्यकर्ताओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की है, जिससे नाला विधानसभा में पार्टी को नई मजबूती मिलेगी। वही कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री कमलेश मंडल ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन जिला महामंत्री अभय सिंह ने दिया। इस अवसर पर भाजयुमो प्रदेश महामंत्री मनीष दुबे, महिला मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष बबीता झा, पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेश राय, परितोष सोरेन, विष्णु मंडल, सुकुमणि हेम्ब्रम सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।