मोतिहारी
जिले में उर्वरक की कालाबाजारी पर नकेल कसने के लिए प्रशासन लगातार कार्रवाई कर रहा है। इसी क्रम में दिनांक 06.07.2026 को ढ़ाका प्रखंड में जांच टीम द्वारा सघन जांच के दौरान लगभग *550 बैग यूरिया से लदे ट्रक संख्या BR30GA/9164* को जप्त किया गया।
जांच के क्रम में पाया गया कि उक्त उर्वरक को कालाबाजारी की नियत से मुजफ्फरपुर से नेपाल ले जाया जा रहा था। मौके पर ट्रक को रोकर उर्वरक निरीक्षक-सह-कृषि समन्वयक उमेश कुमार वर्मा* ने ढ़ाका थाना को सुपुर्द कर प्राथमिकी दर्ज करने हेतु अग्रेतर कार्रवाई शुरू कर दी है।
जप्त किए गए ट्रक के चालक का नाम *प्रदीप कुमार* बताया जा रहा है।
इस संबंध में *जिला कृषि पदाधिकारी मनीष कुमार सिंह* ने बताया कि विभाग उर्वरक की कालाबाजारी, अनियमित व्यवसाय तथा अवैध भंडारण को लेकर काफी सख्त है। उन्होंने कहा कि उर्वरक कालाबाजारी में संलिप्त दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उनके विरुद्ध कानूनी एवं प्रशासनिक दोनों स्तर पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे उर्वरक निर्धारित दर और निर्धारित मात्रा में ही खरीदें। कालाबाजारी की सूचना मिलने पर तुरंत कृषि विभाग या नजदीकी थाना को सूचित करें।