दिनेश कुमार पांडेय /बोकारो
विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 के तहत मंगलवार को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ एवं बीएलए-2 की बैठक एवं चुनाव पाठशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाना, बीएलओ एवं बीएलए 2 के बीच समन्वय स्थापित करना तथा त्रुटिरहित एएसडीडी ड्राफ्ट सूची तैयार करना था।इसी क्रम में जिला निर्वाचन पदाधिकारी (डीईओ) सह उपायुक्त अजय नाथ झा ने मतदान केंद्र संख्या-328 से 331 (दीक्षा) का निरीक्षण किया तथा वहां आयोजित बीएलओ एवं बीएलए 2 की बैठक एवं चुनाव पाठशाला में शामिल हुए।उन्होंने बीएलओ एवं बीएलए-2 से अभियान की प्रगति की जानकारी ली तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।डीईओ सह डीसी ने कहा कि एसआईआर-2026 लोकतंत्र को और अधिक सशक्त एवं विश्वसनीय बनाने की महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। यह लोकतंत्र की नींव है।चुनौती बड़ी अवश्य है, लेकिन सभी के सामूहिक प्रयास से निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी कार्य पूरे किए जाएंगे। उन्होंने बीएलओ द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि अभी काफी कार्य शेष है और सभी को पूरी गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ अभियान को आगे बढ़ाना होगा।
उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार करना तथा यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची से वंचित नहीं रहे। बीएलओ एवं बीएलए-2 आपसी समन्वय के साथ एएसडीडी ड्राफ्ट सूची तैयार करने का कार्य समयबद्ध सुनिश्चित करें।
मौके पर जिला खेल पदाधिकारी हेमलता बून, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह कार्यपालक दंडाधिकारी सत्यबाला सिन्हा, एपीआरओ अविनाश कुमार सिंह सहित संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।