सौरभ राय/रफ्तार मीडिया
रांची: पद्म भूषण स्वर्गीय दिशोम गुरु शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि के अवसर पर मंगलवार को रांची समाहरणालय परिसर में जिला प्रशासन की ओर से रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। समाहरणालय में आयोजित इस शिविर में जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों, विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। शिविर में कुल 28 यूनिट रक्त संग्रह किया गया, जो जरूरतमंद मरीजों के उपचार में उपयोगी होगा।इस अवसर पर रांची उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री, वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन तथा उपविकास आयुक्त संजय भगत ने स्वयं रक्तदान कर समाज को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित किया।
'रक्तदान महादान है'-मंजूनाथ भजन्त्री
मौके पर रांची उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा कि रक्तदान से किसी का जीवन बचाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि अस्पतालों में रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। यदि अधिक से अधिक लोग स्वैच्छिक रक्तदान करेंगे तो किसी भी मरीज को रक्त के अभाव में परेशानी नहीं होगी। उन्होंने युवाओं से भी नियमित रूप से रक्तदान अभियान से जुड़ने की अपील की।
सिकल सेल पीड़ितों ने गुलाब देकर किया सम्मानित
कार्यक्रम का भावनात्मक पहलू तब देखने को मिला जब सिकल सेल रोग से पीड़ित मरीजों एवं उनके परिजनों ने उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री को गुलाब का फूल भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने रक्तदान शिविर आयोजित करने के लिए जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से रक्त की उपलब्धता बढ़ेगी और सिकल सेल सहित अन्य गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों को समय पर रक्त मिल सकेगा।
दिशोम गुरु शिबू सोरेन को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि
रक्तदान शिविर से पूर्व उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री, एसएसपी राकेश रंजन, उपविकास आयुक्त संजय भगत तथा अन्य अधिकारियों ने स्मृति शेष पद्म भूषण दिशोम गुरु शिबू सोरेन के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। अधिकारियों ने झारखंड आंदोलन, समाज और राज्य के विकास में उनके अमूल्य योगदान को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प दोहराया।
इन अधिकारियों और कर्मियों ने भी किया रक्तदान
शिविर में अपर जिला दण्डाधिकारी (नक्सल) सुदर्शन मुर्मू, जिला उपनिर्वाचन पदाधिकारी बिवेक कुमार सुमन, जिला शिक्षा अधीक्षक बादल राज, जिला खेल पदाधिकारी शिवेन्द्र कुमार, सामाजिक सुरक्षा के सहायक निदेशक रविशंकर मिश्रा सहित जिला प्रशासन के कई अधिकारियों एवं कर्मियों ने स्वैच्छिक रक्तदान किया। रक्तदान करने वाले सभी लोगों को उनके सामाजिक योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।