बगहा / मोहम्मद इम्तियाज :नगर परिषद क्षेत्र के रत्नमाला वार्ड संख्या 33 स्थित धोबी घटवा के तालाब से रविवार को करीब 35 वर्षीय अज्ञात महिला का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। तालाब में शव तैरता देख स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना नगर थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पानी से बाहर निकलवाकर कब्जे में ले लिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया गया। घटना की जानकारी मिलने पर एसडीपीओ निहार भूषण भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। नगर थानाध्यक्ष शैलेश कुमार ने बताया कि मृतका की उम्र लगभग 35 वर्ष प्रतीत हो रही है तथा वह विवाहित लग रही है। हालांकि अब तक उसकी पहचान नहीं हो सकी है। पहचान के लिए आसपास के थानों और अन्य माध्यमों से प्रयास किए जा रहे हैं। एसडीपीओ ने बताया कि महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
स्थानीय लोगों कहना है कि महिला क्षेत्र की निवासी नहीं लगती है। ऐसे में उसकी मौत को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। लोगों के बीच यह सवाल बना हुआ है कि महिला की मौत डूबने से हुई या फिर किसी ने पहचान छिपाने के उद्देश्य से शव को तालाब में फेंक दिया। पुलिस शव की शिनाख्त और मामले के सभी पहलुओं की जांच में जुटी है।