बेरमो : ढोरी डीएवी स्पोर्ट्स द्वारा आयोजित क्लस्टर स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में डीएवी पब्लिक स्कूल ,ढोरी सी सी एल के छात्र-छात्राओं ने अपनी अद्भुत खेल प्रतिभा और उत्कृष्ट प्रदर्शन के बल पर कुल 54 पदक जीतकर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। एथलेटिक्स प्रतियोगिता से पहले आयोजित ग्रुप (टीम) इवेंट्स में विद्यालय के खिलाड़ियों ने अपनी स्वर्णिम जीत दर्ज की थीऔर कल 253 पदक अपने नाम किए थे, जिसके बाद एथलेटिक्स प्रतिस्पर्धाओं में भी 24 स्वर्ण, 15 रजत और 15 कांस्य पदकों पर कब्जा जमाया।
प्रतियोगिता के दौरान बालक एवं बालिका दोनों वर्गों में ढोरी के एथलीटों ने अपना दबदबा बनाए रखा। अंडर-14 बालिका वर्ग में सोनाली ने 100 मीटर, 400 मीटर और रिले रेस में स्वर्ण पदक जीता। अनुष्का ने 1500 मीटर में स्वर्ण, 800 मीटर में कांस्य तथा रिले रेस में स्वर्ण पदक हासिल किया। सगुन किस्कू ने हाई जंप में स्वर्ण और लॉन्ग जंप में रजत पदक प्राप्त किया। गुनगुन ने 200 मीटर में रजत पदक जीता, जबकि तनू प्रिया ने 4×100 मीटर रिले की स्वर्ण पदक विजेता टीम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
अंडर-17 बालिका वर्ग में वर्षा रानी ने लॉन्ग जंप तथा 4×100 मीटर रिले में दो स्वर्ण पदक जीते। प्रणवी गुप्ता ने 200 मीटर एवं रिले दौड़ में दो स्वर्ण पदक अपने नाम किए। चंदा ने 800 मीटर और रिले दौड़ में स्वर्ण, जबकि 400 मीटर में रजत पदक जीता। संजना ने भी 4×100 मीटर रिले की स्वर्ण पदक विजेता टीम का हिस्सा बनकर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। अंडर-19 बालिका वर्ग में ख्याति सिन्हा ने शॉटपुट एवं डिस्कस थ्रो स्पर्धाओं में सराहनीय प्रदर्शन किया।
बालक वर्ग में मानस ने दो स्वर्ण पदक जीतकर शानदार प्रदर्शन किया। अमृत ने एक स्वर्ण एवं दो रजत पदक हासिल किए। अजित, शिवम एवं अमन कुमार ने एक-एक स्वर्ण, एक-एक रजत एवं एक-एक कांस्य पदक जीते। अभय कुमार और अजय ने एक-एक स्वर्ण एवं दो-दो कांस्य पदक अपने नाम किए। क्रिश ने एक स्वर्ण पदक जीता। अमित ने दो रजत एवं एक कांस्य, वैभव, दिलीप और अमन कुमार महतो ने एक-एक रजत एवं एक-एक कांस्य, जबकि योगेश ने एक रजत पदक प्राप्त किया। इसके अतिरिक्त आदित्य एवं विशाल ने दो-दो कांस्य पदक, तथा विनीत ने एक कांस्य पदक जीतकर विद्यालय की कुल पदक संख्या 54 तक पहुँचा दी।
इस ऐतिहासिक सफलता पर विद्यालय के प्राचार्य सह ए.आर.ओ. श्री निशिकांत कर ने सभी विजेता खिलाड़ियों, खेल प्रशिक्षकों एवं अभिभावकों को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि खिलाड़ियों का अनुशासन, कठिन परिश्रम और समर्पण ही इस शानदार उपलब्धि का आधार है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि डीएवी पब्लिक स्कूल, ढोरी के खिलाड़ी आगे भी राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय, क्षेत्र और राज्य का नाम रोशन करेंगे