रफ्तार मीडिया संवाददाता गौतम लोहरा/ खूंटी: खूंटी जिले के सायको थाना क्षेत्र अंतर्गत किताहातु गांव में डायन बिसाही के आरोप में एक बुजुर्ग महिला की बेरहमी से हत्या कर दी गई। 2 जुलाई को 75 वर्षीय एतवारी देवी की सिर में पत्थर और डंडे से वार कर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद महिला के 32 वर्षीय पुत्र बिरसा मुंडू के आवेदन पर सायको थाना में अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए खूंटी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मंगल सिंह जामुदा के नेतृत्व में तुरंत जांच शुरू की गई। पुलिस ने महज 24 घंटे के अंदर कार्रवाई करते हुए किताहातु गांव से दो युवकों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी 20 वर्षीय दिनाय मुंडा और 19 वर्षीय मंगल मुंडा हैं। दोनों ने पूछताछ में अपना अपराध स्वीकार किया है। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि हत्या डायन बिसाही के आरोप में की गई थी। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त बांस का डंडा, पत्थर और कपड़े भी बरामद कर लिए हैं। एसडीपीओ मंगल सिंह जामुदा ने कहा कि मामले की गहन जांच जारी है। आरोपियों से आगे की पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने ग्रामीणों से अंधविश्वास से दूर रहने और किसी भी संदेह की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।