हरियाणा में 80वां स्वतंत्रता दिवस राज्यभर में गरिमापूर्ण ढंग से मनाया गया। राज्य स्तरीय और जिला स्तरीय समारोहों में शहीदों, स्वतंत्रता सेनानियों तथा देश की रक्षा में अपना दायित्व निभा रहे वीर जवानों के प्रति भी सम्मान व्यक्त किया गया। प्रदेशभर में आयोजित समारोहों में राष्ट्र के विकास में हरियाणा की भूमिका और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी प्राथमिकताओं को रेखांकित किया गया। मंत्रियों ने स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों के बलिदान को स्मरण करते हुए कहा कि राज्य सरकार समाज के सभी वर्गों के कल्याण, प्रदेश के समग्र विकास तथा रोजगार और आर्थिक अवसरों के विस्तार के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने नागरिकों, विशेषकर युवाओं से आह्वान किया कि वे विकसित भारत के राष्ट्रीय लक्ष्य के अनुरूप विकसित, आत्मनिर्भर और समृद्ध हरियाणा के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाएं।

*भारत ने सांस्कृतिक विरासत और सामरिक शक्ति के साथ बढ़ती अर्थव्यवस्था के लिए विश्व में बनाई अपनी पहचान: विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण*

हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष  हरविंद्र कल्याण ने कुरुक्षेत्र की नई अनाज मंडी के प्रांगण में आयोजित जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की।उन्होंने स्वतंत्रता दिवस के पावन पर्व पर राष्ट्रीय ध्वजारोहण किया और परेड का निरीक्षण किया। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण ने कार्यक्रम में भाग लेने वाले स्कूली विद्यार्थियों के लिए 2 लाख 1 हजार रुपए की राशि देने की घोषणा भी की है। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि आज का भारत केवल अपनी सांस्कृतिक विरासत और सामरिक शक्ति के लिए ही नहीं, बल्कि अपनी तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था के लिए भी विश्व में अपनी पहचान बना रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भरता, नवाचार और आर्थिक विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। भारत दुनिया की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में अपनी स्थिति लगातार मजबूत कर रहा है और विकसित भारत के लक्ष्य की ओर तेजी से बढ़ रहा है। इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस के साथ हरियाली तीज का पावन पर्व भी मनाया जा रहा है। प्रकृति, संस्कृति और नारी शक्ति से जुड़ा यह पर्व हमारे सामाजिक और सांस्कृतिक जीवन की समृद्ध परंपराओं का प्रतीक है।

विधानसभा अध्यक्ष  हरविंद्र कल्याण ने कहा कि हमारा लक्ष्य केवल आर्थिक विकास की गति बढ़ाना नहीं, बल्कि ऐसा विकास सुनिश्चित करना है जिसका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। इसी सोच के अनुरूप केंद्र और राज्य सरकार विकसित भारत के साथ विकसित हरियाणा के संकल्प को आगे बढ़ा रही है। हम 140 करोड़ से अधिक भारतीयों ने विविधता में एकता, लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान के प्रति अपनी अटूट आस्था के बल पर भारत को विश्व के सबसे बड़े और सशक्त लोकतंत्र के रूप में स्थापित किया है। संविधान निर्माताओं ने न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के जिन मूल्यों पर लोकतंत्र की मजबूत नींव रखी थी, वह नींव समय के साथ और मजबूत हुई है। सरकार ने शहीदों के परिवारों के सम्मान और कल्याण को हमेशा सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। देश की रक्षा करते हुए शहीद हुए जवानों के आश्रितों को अनुकंपा के आधार पर सरकारी नौकरी दी जा रही है। पिछले लगभग 12 वर्षों में लगभग सवा चार सौ शहीदों के आश्रितों को सरकारी नौकरी प्रदान की गई है।

 

*विविधता में एकता और संविधान में अटूट आस्था से भारत बना विश्व का सबसे बड़ा लोकतंत्र : ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज*

हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने अंबाला में जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में ध्वजारोहण किया और परेड की सलामी ली। उन्होंने प्रदेशवासियों एवं जिलावासियों को स्वतंत्रता दिवस तथा माताओं, बहनों और बेटियों को हरियाली तीज की शुभकामनाएं दीं। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने कहा कि 140 करोड़ से अधिक भारतीयों ने विविधता में एकता, लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान में अटूट आस्था के बल पर भारत को विश्व के सबसे बड़े और सशक्त लोकतंत्र के रूप में स्थापित किया है। यह आठ दशकों की हमारी लोकतांत्रिक यात्रा की बड़ी उपलब्धि है। इसके अलावा, उन्होंने कहा कि कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा विकसित भारत के चार प्रमुख स्तंभ-’’युवा, अन्नदाता, नारी शक्ति और गरीब’’-को सशक्त बनाने के लिए हरियाणा सरकार निरंतर कार्य कर रही है। मंत्री विज ने उन्होंने जिला स्तरीय कार्यक्रम में प्रस्तुति देने वाले विद्यार्थियों की सोमवार को छुट्टी तथा कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए जिला प्रशासन को ’’10 लाख रुपये’’ देने की घोषणा की।

इससे पहले,  विज ने पुलिस लाइन परिसर स्थित शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी।

 

*विकसित भारत के साथ विकसित हरियाणा के संकल्प को आगे बढ़ा रही हरियाणा सरकार: मंत्री कृष्णलाल पंवार*

पानीपत के शिवाजी स्टेडियम में आयोजित जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में  हरियाणा के विकास एवं पंचायत, खनन एवं भूविज्ञान मंत्री  कृष्णलाल पंवार ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड का निरीक्षण किया। इससे पूर्व उन्होंने जिला सचिवालय स्थित शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्धियां हासिल करने वाली प्रतिभाओं एवं गैलेंटरी अवार्डी को सम्मानित किया गया।

कैबिनेट मंत्री  कृष्णलाल पंवार ने कहा कि आज का दिन देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर करने वाले ज्ञात-अज्ञात स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों को नमन करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी सहित असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान से देश को 1947 में अंग्रेजी शासन से मुक्ति मिली। हमारे संविधान निर्माताओं ने न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के मूल्यों पर लोकतंत्र की मजबूत नींव रखी, जिसे देश ने पिछले आठ दशकों में और मजबूत किया है। उन्होंने कहा कि हरियाणा की धरती वीरता, त्याग और देशभक्ति की धरती है। 10 मई 1857 को अंबाला से उठी स्वतंत्रता आंदोलन की चिंगारी ने पूरे देश में आजादी की अलख जगाई थी। उन्होंने देश की सीमाओं की रक्षा कर रहे वीर सैनिकों को नमन करते हुए कहा कि शहीदों के परिवारों के सम्मान और कल्याण को सरकार ने हमेशा सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भरता, नवाचार और आर्थिक विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। हरियाणा भी देश की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले राज्यों में शामिल है।

 

*हरियाणा के आर्थिक विकास में तेजी, युवाओं, किसानों, महिलाओं सशक्तिकरण और गरीबों के कल्याण पर सरकार का विशेष फोकस:मंत्री राव नरबीर सिंह*

प्रदेश के उद्योग एवं वाणिज्य, पर्यावरण, वन एवं वन्यजीव, विदेश सहयोग और सैनिक एवं अर्धसैनिक कल्याण मंत्री राव नरबीर सिंह ने सोनीपत की पुलिस लाइन में आयोजित 80वें जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में बतौर मुख्य अतिथि ध्वजारोहण किया। इसके पहले पुलिस लाईन के नजदीक बने शहीदी स्मारक पर जाकर उन्होंने पुष्पचक्र भेंट करते हुए वीर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया। उन्होंने कहा कि आजादी का यह पर्व हमें उन महान वीरों के त्याग, तपस्या और संघर्ष की याद दिलाता है, जिनके बलिदान के कारण आज हम स्वतंत्र भारत में सांस ले रहे हैं।

कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि देश की आजादी असंख्य ज्ञात-अज्ञात स्वतंत्रता सेनानियों और वीर शहीदों के त्याग एवं बलिदान का परिणाम है। मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि सैनिकों एवं अर्धसैनिक बलों के कर्मियों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए सैनिक एवं अर्धसैनिक कल्याण निगम की स्थापना की जा रही है। इसके लिए इस वर्ष 178.14 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान किया गया है। उन्होंने बताया कि अग्निवीरों के लिए सरकारी सेवाओं में 20 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान किया गया है। हरियाणा अग्निवीर नीति-2024 बनाई गई है और ऐसा करने वाला

मंत्री ने कहा कि आज भारत अपनी सांस्कृतिक विरासत और सामरिक शक्ति के साथ-साथ तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था के कारण भी विश्व में अपनी मजबूत पहचान बना रहा है।

 

*कैबिनेट मंत्री महिपाल ढांडा ने ध्वजारोहण कर ली परेड की सलामी*

फतेहाबाद के स्थानीय पुलिस लाइन मैदान में देशभक्ति और राष्ट्रीय भावना के साथ 80वां जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस पूरे उत्साह और गरिमापूर्ण से मनाया गया। समारोह में राष्ट्रीय गीत और राष्ट्रगान के साथ राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। हरियाणा के शिक्षा मंत्री  महिपाल ढांडा ने मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय ध्वज फहराकर परेड की सलामी ली।

इससे पहले मुख्यातिथि कैबिनेट मंत्री  महिपाल ढांडा ने लघु सचिवालय समीप शहीदी स्मारक पर अमर वीर शहीदों की प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। कैबिनेट मंत्री  महिपाल ढांडा ने सभी को 80वें स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि आज का दिन इसलिए भी विशेष है कि इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस के साथ हरियाली तीज का पावन पर्व भी मनाया जा रहा है। उन्होंने प्रदेश की सभी माताओं, बहनों और बेटियों को हरियाली तीज की भी हार्दिक शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा