पंजाब विधान सभा ने आज पिंगलवाड़ा के संस्थापक भगत पूरण सिंह को उनकी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित की। मानवता की मिसाल भगत पूरण सिंह को निस्वार्थ सेवा के लिए जाना जाता है।
पंजाब विधान सभा के स्पीकर कुलतार सिंह संधवां ने कहा कि भगत पूरण सिंह का जीवन सेवा, प्रेम और मानवता की जीवंत मिसाल था। वे ऐसे महान व्यक्ति थे, जिन्होंने मानवता के लिए स्वयं को पूरी तरह समर्पित कर दिया। उन्होंने अपने सपने, खुशियां और इच्छाएं सब कुछ बेसहारा, बीमार और जरूरतमंद लोगों के लिए कुर्बान कर दिया।
दिव्यांग प्यारा सिंह को अपनी पीठ पर उठाकर अमृतसर की सड़कों पर चलना कोई सामान्य बात नहीं थी, बल्कि यह निस्वार्थ प्रेम और सेवा की पराकाष्ठा थी। उन्होंने न केवल बेसहारा लोगों को सहारा दिया, बल्कि पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण और प्रदूषण के खिलाफ जागरूकता फैलाने की परंपरा भी शुरू की, जो आज भी समाज को भलाई के लिए प्रेरित करती है।
आज के आधुनिक और व्यस्ततापूर्ण युग में भगत पूरण सिंह के विचार और उनका जीवन लोकसेवा के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। विशेष रूप से इस सदन के निर्वाचित प्रतिनिधियों के लिए उनका जीवन मार्गदर्शन करता है।
उन्होंने कहा कि भगत पूरण सिंह को सच्ची श्रद्धांजलि यही होगी कि हम उनके द्वारा दिखाए गए सेवा, करुणा और मानवता के मार्ग पर चलने का संकल्प लें।