सौरभ राय/ रफ्तार मीडिया

रांची: अंतर्राष्ट्रीय आदिवासी दिवस के अवसर पर राजधानी रांची के मोराबादी मैदान में राज्य सरकार द्वारा भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस बीच मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने आदिवासी दिवस की शुभकामनाएं देने के साथ साथ जेपीएससी के मुद्दे पर आंदोलनरत युवाओं को बड़ा संदेश दिया है।मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार युवाओं की मांगों को गंभीरता से सुन रही है और किसी के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने गड़बड़ी की है, उनके खिलाफ कठोर से कठोर कार्रवाई होगी और युवाओं को न्याय मिलेगा।

राज्य सरकार के गतिविधियों के कारण ही युवाओं को हिम्मत हुई कि वे आंदोलन करे- हेमंत सोरेन

मौके पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि राज्य में एक बड़ी व्यवस्था संचालित होती है और सरकार की मंशा झारखंड में रहने वाले हर वर्ग के लोगों को बेहतर जीवन देने की है। सरकार सभी वर्गों की चिंता करती है। उन्होंने कहा कि आज जिन मुद्दों को लेकर युवा आंदोलन कर रहे हैं, उसके पीछे कहीं न कहीं सरकार की गतिविधियों से उन्हें यह हिम्मत मिली है कि वे अपने हक और अधिकार के लिए आवाज उठा सकें। उन्होंने कहा,हमने चोरी पकड़ ली है। नौजवानों को न्याय मिलेगा और जिन्होंने गड़बड़ी की है, उन्हें कठोर से कठोर सजा मिलेगी।

युवाओं से राजनीति से दूर रहने की अपील

मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोग अधिक महत्वाकांक्षा रखते हैं, जिसके कारण कई बार युवा उत्तेजित हो जाते हैं। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे राजनीति के चक्कर में न पड़ें। सरकार अपना काम कर रही है और युवाओं की समस्याओं का समाधान करने का प्रयास जारी है।उन्होंने कहा कि युवाओं को दिग्भ्रमित करने का प्रयास किया जा रहा है, जिसमें बड़े बड़े पढ़े लिखे और ज्ञानी लोग भी शामिल हैं। इसका परिणाम कितना गंभीर हो सकता है, यह वह देख रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा सरकार के समक्ष अपनी मांगों को लेकर पूरी तरह निर्भीक होकर आएं। सरकार केवल आंदोलन कर रहे छात्रों की बात नहीं सुनेगी, बल्कि घर में रहकर पढ़ाई कर रहे विद्यार्थियों की परेशानियों को भी समझेगी।

हर समस्या का समाधान संवाद से होता है- हेमंत सोरेन

युवाओं के आंदोलन को गंभीरता के साथ लेते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि हर समस्या का समाधान संवाद के माध्यम से किया जा सकता है। लाठी, गोली और डंडे का इस्तेमाल समस्याओं के समाधान का रास्ता नहीं है। उन्होंने कहा कि विशेष रूप से युवाओं को यह संदेश देना चाहते हैं कि वह भी उन्हीं के बीच से आए हैं और युवाओं की समस्याओं को समझते हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार युवाओं के साथ पारदर्शिता से न्याय करेगी और यह न्याय दिखाई भी देगा।

केंद्र सरकार पर लगाया गया आरोप

वहीं,मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि देश में युवाओं के खिलाफ अत्याचार के कई उदाहरण सामने आए हैं। उन्होंने पैलेट गन के इस्तेमाल और युवाओं को देशद्रोही तक करार दिए जाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि आजादी के करीब 100 वर्ष पूरे होने जा रहे हैं, लेकिन देश में असमानता अब भी दिखाई देती है, जिससे समाज आहत है।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को कमजोर करने के लिए एक बड़ा समूह पूरी शिद्दत से लगा हुआ है। झारखंड वीरों की भूमि है। जब देश के कई हिस्सों में लोग आजादी का सपना भी नहीं देख रहे थे, तब झारखंड की धरती पर आंदोलन हो रहे थे। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार राज्य को सही दिशा में ले जाने का प्रयास कर रही है।

झारखंड को कभी चारागाह के तौर पर देखा जाता- हेमंत सोरेन

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने अपने संबोधन के दौरान कहा कि एक समय झारखंड को चारागाह के तौर पर देखा जाता था। अब राज्य को आगे बढ़ाने और उसकी दिशा बदलने का प्रयास किया जा रहा है, यही वजह है कि सरकार के काम में बाधा डालने की कोशिशें हो रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार सभी समस्याओं का समाधान बातचीत के जरिए करना चाहती है। उन्होंने कहा कि वह जल, जंगल और जमीन की उस धरती से आते हैं, जहां से जीवन की शुरुआत होती है और जहां जीवन का अंत भी होता है। इसलिए वह राज्य और यहां के लोगों की भावनाओं और समस्याओं को समझते हैं। उन्होंने युवाओं को भरोसा दिलाया कि उनके अधिकारों और भविष्य के साथ किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।