झारखंड की प्राकृतिक खूबसूरती को देश-दुनिया के पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान दिलाने की तैयारी तेज हो गई है. इसी कड़ी में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मंगलवार को सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल डैम का दौरा किया. परिवार के साथ पहुंचे मुख्यमंत्री यहां की प्राकृतिक सुंदरता, विशाल जलाशय और शांत वातावरण को देखकर काफी प्रभावित नजर आए. उन्होंने चांडिल डैम को विश्वस्तरीय पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की प्रतिबद्धता जताई. मुख्यमंत्री ने डैम परिसर में सरायकेला-खरसावां के उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह और अन्य अधिकारियों के साथ विकास की संभावनाओं पर चर्चा की. उन्होंने डैम के समग्र विकास, पर्यटन सुविधाओं के विस्तार, जल प्रबंधन और चांडिल परियोजना के कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया. साथ ही बिजली उत्पादन और उससे जुड़े पहलुओं पर भी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.
मुख्यमंत्री ने कहा कि चांडिल डैम में इको-टूरिज्म की अपार संभावनाएं हैं. यहां पर्यटकों की संख्या बढ़ाने के लिए बोटिंग की व्यवस्था को आधुनिक और सुरक्षित बनाने के साथ बुनियादी सुविधाओं का विस्तार जरूरी है. उन्होंने स्थानीय युवाओं और ग्रामीणों के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करने पर भी जोर दिया. हेमंत सोरेन ने अधिकारियों को पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए दीर्घकालिक विकास योजना तैयार करने का निर्देश दिया. गौरतलब है कि चांडिल डैम को केंद्र सरकार की स्वदेश दर्शन 2.0 योजना के तहत इको-टूरिज्म श्रेणी में भी शामिल किया गया है. यहां बोटिंग, प्राकृतिक भ्रमण और आसपास के पर्यटन स्थलों को विकसित करने की संभावनाएं हैं. मुख्यमंत्री के इस दौरे में विधायक कल्पना सोरेन, ईचागढ़ विधायक सविता महतो, विधायक सोमेश चंद्र सोरेन और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे. अब देखना होगा कि प्रस्तावित योजनाएं जमीन पर कब उतरती हैं और चांडिल डैम झारखंड का प्रमुख पर्यटन केंद्र कब बनता है.