फतह सिंह उजाला
गुरुग्राम। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य और नेता सुधीर चौधरी ने स्पष्ट कहा है कि बीते बारह साल में लोगों ने देख और समझ लिया है कि  कांग्रेस ही भाजपा का विकल्प है। पिछले कुछ दिनों के घटनाक्रम के बाद यह स्पष्ट हो चुका है कि आने वाले समय में कांग्रेस के बिना देश नहीं चल सकता। हाल ही के दो उपचुनाव में भी लोगों का जनादेश यही कह रहा है कि जनता ने भाजपा को सत्ता से बाहर करने का मन बना लिया है। देश में गहराती शिक्षा, महंगाई, बेकारी, बेरोजगारी, महिला सुरक्षा, नरक बनते गांव, शहर  कस्बे, नगर, महानगर इस बात का प्रमाण है कि केंद्र में सत्तारूढ़ मोदी सरकार को देश की न समझ है, न जानकारी। बीते बारह साल में यह सरकार देश के लोगों की जरूरत तक को नहीं जान पाई। मौजूदा समय में भाजपा संगठन और भाजपा सरकार के खिलाफ युवा वर्ग में सबसे अधिक आक्रोश बना हुआ है।

उन्होंने कहा कि देश में आज हर ओर समस्याओं का शोर मचा हुआ है। शिक्षा में सुधार, बढ़ती बेकारी, बेरोजगारी, महंगाई सरकार के काबू से बाहर हो गई है। यह सरकार पढ़े-लिखे युवाओं को न काम दे पा रही है, न रोजगार, न नौकरी। उन्होंने कहा इस सरकार के पास देने को कुछ है तो वह पांच किलो मुफ्त राशन। ऐसा कर यह सरकार देश के लोगों को और गरीब बना सरकार के ऊपर निर्भर कर देना चाहती है। उन्होंने कहा कि बारह साल पहले जिन वादों के साथ मोदी सरकार सत्ता में आई थी, वह सब झूठ निकले। जिन्हें लेकर यह सरकार हर दिन नया झूठ बोल रही है। इस सरकार का एक भी ऐसा काम और योजना नहीं, जो या तो घपले-घोटालों में डूबी है या बंद हो गई है।

यह वह गैरजिम्मेदार सरकार है, जो खुद को कोई भी जवाबदेही से ऊपर मानती है और सवाल करने पर लोगों के खिलाफ झूठे मुकदमे दर्ज कर उन्हें जेल में डाल दे रही है। उन्हें देशद्रोही ठहरा रही है। 
उन्होंने कहा कि देश में कांग्रेस की पांच दशक से अधिक समय तक सरकार रही है। पर उसने ऐसा कभी नहीं किया। देश कैसे चलता है और आगे बढ़ता है, यह कांग्रेस ने ही बताया है। यही कारण है कि लोग आज खुद कह रहे हैं कि देश कांग्रेस के बिना नहीं चल सकता। आने वाला समय कांग्रेस का है। उन्होंने कहा कि देश से मोदी सरकार की विदाई हो रही है और कांग्रेस आ रही है।