जितेंद्र कुमार दास

तोपचांची: 65वीं सुब्रतो कप अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल प्रतियोगिता के प्रखंड स्तरीय आयोजन के दूसरे दिन रविवार को अंडर-17 बालक वर्ग के मुकाबले रोमांच और प्रतिस्पर्धा से भरपूर रहे। प्रतियोगिता में पांच टीमों ने हिस्सा लिया। फाइनल मुकाबला डीबीएच हाई स्कूल और उत्क्रमित उच्च विद्यालय खारिया के बीच खेला गया, जिसमें डीबीएच हाई स्कूल ने 3-1 से शानदार जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम कर लिया। खारिया की टीम उपविजेता रही।
प्रतियोगिता के दूसरे सत्र में प्रखंड प्रमुख आनंद महतो मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी श्रीमती रिंकी कौर, स्थानीय मुखिया रवि सिंह, खेल प्रशिक्षक सतीश लाल, विवेक कुमार, कनक कांति एवं दिलीप महतो सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
प्रतियोगिता के समापन पर घोषित परिणामों में लिटिल चैंप, अंडर-15 बालक, अंडर-17 बालक तथा बालिका वर्ग—चारों श्रेणियों में डीबीएच हाई स्कूल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता बनने का गौरव हासिल किया। अंडर-15 वर्ग में हरिहरपुर उच्च विद्यालय तथा अंडर-17 वर्ग में उत्क्रमित उच्च विद्यालय खारिया उपविजेता रहे।
इस अवसर पर प्रखंड प्रमुख आनंद महतो ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल अनुशासन, संघर्ष और टीम भावना का सबसे बड़ा माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों से खेल के साथ-साथ शिक्षा में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का आह्वान किया।
प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी श्रीमती रिंकी कौर ने विजेता टीमों को बधाई देते हुए उपविजेता खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और कहा कि हार से सीख लेकर अगले वर्ष और बेहतर प्रदर्शन करें। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों और दर्शकों में उत्साह का माहौल बना रहा।