संवाददाता राजन साहू

कानपुर श्रावण मास के द्वितीय सोमवार पर जलाभिषेक के लिए उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी है। सोमवार को पुलिस उपायुक्त सेंट्रल श्री अतुल कुमार श्रीवास्तव और अपर पुलिस उपायुक्त मुख्यालय श्रीमती स्नेहा तिवारी ने थाना ग्वालटोली और कोहना क्षेत्र में स्थित श्री आनन्देश्वर महादेव मंदिर, परमट तथा अटल घाट का संयुक्त निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने दर्शन मार्ग, प्रवेश-निकास द्वार, बैरिकेडिंग, पार्किंग और यातायात प्रबंधन का जायजा लिया। मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों और प्रकाश व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल, शेड और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।

गंगा के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए अटल घाट पर अतिरिक्त सतर्कता बरतने को कहा गया। डीसीपी ने गोताखोरों, पीएसी और जल पुलिस की तैनाती बढ़ाने तथा मंदिर प्रशासन के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए।
पुलिस उपायुक्त सेंट्रल श्री अतुल कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम दर्शन हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि प्रभावी भीड़ नियंत्रण, निर्बाध यातायात और सुदृढ़ कानून-व्यवस्था के साथ श्रद्धालुओं को सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से जलाभिषेक कराया जाए। पुलिस ने अपील की है कि श्रद्धालु निर्धारित मार्ग से ही दर्शन करें, अफवाहों पर ध्यान न दें और पुलिस कर्मियों का सहयोग करें। मंदिर के आसपास रूट डायवर्जन और पार्किंग के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।