रफ्तार संवाददाता रंजीत पालकोट (गुमला)। पालकोट थाना क्षेत्र के सेमरा भंडार टोली में एक 20 वर्षीय युवक का शव पेड़ से रस्सी के सहारे लटका हुआ मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान गुमला जिले के कोयनारा टंगरा टोली निवासी गौरव सिंह (20 वर्ष), पिता रमेश सिंह के रूप में की गई है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और भय का माहौल है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।प्राप्त जानकारी के अनुसार गौरव सिंह सोमवार को अपने दोस्तों के साथ गुडमा मेला देखने आया था। मेला समाप्त होने के बाद उसके सभी दोस्त अपने-अपने घर लौट गए, लेकिन गौरव घर नहीं पहुंचा। देर रात तक घर वापस नहीं आने पर परिजनों की चिंता बढ़ गई। इसके बाद परिजन और ग्रामीण उसकी तलाश में जुट गए। काफी खोजबीन के बाद मंगलवार सुबह सेमरा भंडार टोली में एक पेड़ से उसका शव रस्सी के सहारे लटका हुआ पाया गया।घटना की सूचना मिलते ही पालकोट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। शव मिलने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए।ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।थाना प्रभारी तरुण कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। मृतक के शरीर पर कई स्थानों पर चोट एवं घाव के निशान पाए गए हैं। इससे आशंका जताई जा रही है कि युवक की पहले हत्या की गई और बाद में साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को पेड़ से लटका दिया गया। हालांकि घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए गुमला सदर अस्पताल भेज दिया है। साथ ही घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए गए हैं। पुलिस मृतक के दोस्तों, परिजनों और अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ कर रही है। मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है ताकि घटना की सच्चाई सामने आ सके।
थाना प्रभारी ने कहा कि इस घटना में शामिल अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। जल्द ही मामले का खुलासा कर दोषियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। ग्रामीणों को अब पुलिस जांच के निष्कर्ष और आरोपियों की गिरफ्तारी का इंतजार है।