रफ्तार संवाददाता /रंजीत /पालकोट : थाना क्षेत्र के बघिमा पंचायत स्थित पाहन टोली गांव के एक कुएं से गुड़गुड़ा गांव निवासी लाधू खड़िया (52 वर्ष) का शव बरामद होने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पालकोट पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कुएं से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए गुमला भेज दिया।मृतक के परिजनों ने बताया कि लाधू खड़िया रविवार को अपने घर से एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए पाहन टोली गांव गए थे। इसके बाद वह वापस घर नहीं लौटेपरिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला।बुधवार को पाहन टोली के ग्रामीणों ने परिजनों को सूचना दी कि गांव के एक कुएं में किसी व्यक्ति का शव पानी में तैरता दिखाई दे रहा है। सूचना मिलते ही पालकोट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकाला। शव की पहचान गुड़गुड़ा गांव निवासी लाधू खड़िया के रूप में की गई।पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गुमला भेज दिया है। वहीं घटना को लेकर पुलिस विभिन्न पहलुओं से जांच-पड़ताल में जुट गई है।