सरायकेला:आदित्यपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत आरआईटी मोड़ के समीप सोमवार सुबह सरेआम हिंसा की घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। व्यस्त मार्ग पर एक युवक पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला किए जाने के बाद इलाके में भय और दहशत का माहौल है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दो युवकों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। इसी दौरान एक युवक ने धारदार हथियार निकालकर दूसरे युवक पर लगातार कई वार कर दिए। घायल युवक जान बचाने के लिए भागता रहा, लेकिन हमलावर उसका पीछा करते हुए हमला करता रहा। घटना देखकर आसपास मौजूद लोग सहम गए। स्थानीय लोगों ने गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल आरआईटी मोड़ स्थित गंगोत्री अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए टाटा मुख्य अस्पताल रेफर कर दिया गया। राहत की बात यह रही कि घायल युवक के साथ मौजूद एक छोटा बच्चा सुरक्षित बच गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस गश्त बढ़ाने, असामाजिक तत्वों पर कड़ी कार्रवाई करने और संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है तथा आरोपी की तलाश जारी है।