ओमप्रकाश तिवारी /मोतिहारी
पुलिस अधीक्षक कार्यालय ने पचपकड़ी थाना क्षेत्र के सिसवा मंगल गांव में मिट्टी के लेन-देन को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति की मौत के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार ग्राम सिसवा मंगल में रामबिहारी पाण्डेय और मनोज साह के बीच मिट्टी कटाई के पैसे को लेकर विवाद हुआ था। बातचीत के दौरान कहासुनी बढ़ गई और रामबिहारी पाण्डेय पर कुदाल से जानलेवा हमला किया गया। गंभीर रूप से घायल रामबिहारी को पहले स्थानीय स्तर पर फिर सदर अस्पताल मोतिहारी रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

घटना के बाद दूसरे दिन दोनों पक्षों में फिर मारपीट हुई, जिसमें रामबिहारी को बुरी तरह पीटा गया। सूचना मिलते ही पचपकड़ी थाना में कांड संख्या 107/26 दर्ज किया गया। पुलिस ने कुल 9 लोगों को नामजद किया है। मुख्य अभियुक्त रघु साह, पिता स्व. चुलाही साह, निवासी सिसवा मंगल को गिरफ्तार कर लिया गया है। फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह मामला दो पक्षों के बीच पैसे के लेन-देन का विवाद है। सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों पर फैल रही जातीय और भ्रामक अफवाहों में कोई सच्चाई नहीं है।