रफ्तार मीडिया संवाददाता :पवन गुप्ता

खलारी: मैक्लुस्कीगंज थाना क्षेत्र के दुल्ली करमकोचा जंगल से एक अज्ञात व्यक्ति का सड़ा-गला शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। बाद में कपड़ों और जूतों के आधार पर शव की पहचान मांडर थाना क्षेत्र के बांसजाड़ी निवासी राम कच्छप लोहरा के रूप में हुई। मामले में मृतक के परिजनों ने सात लोगों के विरुद्ध मारपीट एवं हत्या का नामजद मामला दर्ज कराया है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुट गई है।जानकारी के अनुसार सोमवार देर शाम दुल्ली करमकोचा जंगल में गाय चराने गए चरवाहों की नजर एक सड़े-गले शव पर पड़ी। इसकी सूचना फैलते ही मंगलवार सुबह ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना मिलने पर मैक्लुस्कीगंज पुलिस घटनास्थल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि करीब लगभग 10 दिन पूर्व मांडर थाना में एक व्यक्ति की गुमशुदगी का सनहा दर्ज कराया गया था। इसके बाद पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कराने वाले परिजनों को बुलाकर शव की पहचान कराई। कपड़ों और जूतों के आधार पर मृतक की पहचान राम कच्छप लोहरा, पिता सोमेश लोहरा, ग्राम बांसजाड़ी, पोस्ट महुआजाड़ी, थाना मांडर के रूप में हुई। मृतक की मां लक्ष्मी देवी ने बताया कि उनका बेटा अपनी पत्नी की तलाश में मैक्लुस्कीगंज थाना क्षेत्र के हुटाप गांव स्थित अपने साढ़ू के घर आया था। उसने घर से निकलते समय बताया था कि वह पत्नी की खोजबीन के लिए हुटाप जा रहा है, लेकिन इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। काफी तलाश के बाद भी जब उसका कोई सुराग नहीं मिला तो मांडर थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। उन्होंने बताया कि बाद में रिश्तेदारों से जंगल में शव मिलने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचकर कपड़ों और जूतों के आधार पर शव की पहचान उनके बेटे के रूप में की गई। घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, मृतक के परिजनों ने मैक्लुस्कीगंज थाना में सात लोगों के खिलाफ मारपीट और हत्या का नामजद मामला दर्ज कराया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।