नई दिल्ली के मालवीय नगर इलाके में बुधवार सुबह एक होटल-रेस्टोरेंट परिसर में भीषण आग लगने से कम से कम 21 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। पुलिस, दमकल विभाग और राहत एजेंसियों ने संयुक्त अभियान चलाकर 40 से अधिक लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।
पुलिस के अनुसार आग सुबह करीब 8:50 बजे लगी। आग इतनी तेजी से फैली कि इमारत में फंसे कई लोगों को जान बचाने के लिए खिड़कियों और ऊपरी मंजिलों से कूदना पड़ा। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि स्थानीय लोगों ने नीचे गद्दे बिछाकर लोगों को बचाने का प्रयास किया।
दक्षिणी दिल्ली के डीसीपी अनंत मित्तल ने बताया कि आग पर काबू पाने के लिए आठ दमकल गाड़ियों को लगाया गया। राहत एवं बचाव अभियान के दौरान 40 से अधिक लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया। मृतकों में बड़ी संख्या में विदेशी नागरिक भी शामिल बताए जा रहे हैं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग इमारत के निचले हिस्से में स्थित रेस्टोरेंट से शुरू हुई और तेजी से ऊपर के हिस्सों तक फैल गई, जहां होटल संचालित हो रहा था। घटना के कारणों और संभावित सुरक्षा चूकों की जांच की जा रही है।
इस बीच दिल्ली पुलिस ने मामले में गैर-इरादतन हत्या (Culpable Homicide) समेत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की अन्य संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।