नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में दिल्ली पुलिस की विशेष पहल के तहत आयोजित 12 दिवसीय ‘नारी शक्ति सशक्ति समर कैंप’ का सफलतापूर्वक समापन हुआ। यह कार्यक्रम सरस्वती विद्या मंदिर में आयोजित किया गया, जिसमें करीब 400 बच्चों ने भाग लिया।
आउटर डिस्ट्रिक्ट की डीसीपी (DCP) नेहा यादव के नेतृत्व में आयोजित इस कैंप का उद्देश्य बच्चों, विशेषकर बालिकाओं को आत्मरक्षा (Self Defence) के प्रति जागरूक और आत्मनिर्भर बनाना था। कैंप के दौरान बच्चों को आत्मरक्षा के विभिन्न तरीके, सुरक्षा संबंधी जानकारी और स्वास्थ्य के लिए पौष्टिक आहार (Nutritious Diet) के महत्व के बारे में प्रशिक्षण दिया गया।
कार्यक्रम में बच्चों के साथ उनके अभिभावकों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। कैंप के समापन अवसर पर डीसीपी नेहा यादव ने प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र (Certificate), एक पौधा तथा पौष्टिक आहार किट वितरित कर सम्मानित किया।
समापन समारोह के दौरान बच्चों और अभिभावकों में उत्साह और खुशी देखने को मिली। प्रतिभागी बच्चों ने कहा कि इस प्रशिक्षण से उनका आत्मविश्वास बढ़ा है और वे खुद को पहले से अधिक सुरक्षित तथा आत्मनिर्भर महसूस कर रहे हैं।
दिल्ली पुलिस की इस पहल को लोगों ने सराहते हुए इसे बच्चों के सर्वांगीण विकास और महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।