बलरामपुर। जनपद में रसोई गैस सिलेंडर की किल्लत और वितरण व्यवस्था में आ रही समस्याओं को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता युगल किशोर शुक्ल के नेतृत्व में क्षेत्रवासियों ने मोर्चा खोल दिया है। सोमवार को भारी संख्या में स्थानीय लोगों के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचे शुक्ल ने अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) शिव नारायण सिंह को ज्ञापन सौंपकर गैस की होम डिलीवरी तत्काल बहाल कराने की मांग की।
ज्ञापन में अवगत कराया गया कि श्रावस्ती लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बलरामपुर जनपद में इन दिनों गैस सिलेंडर के लिए उपभोक्ताओं को भारी मशक्कत करनी पड़ रही है। लोगों को सुबह तड़के ही लंबी कतारों में लगना पड़ता है, जिसके कारण कर्मचारियों को ऑफिस, व्यापारियों को दुकान और मजदूरों व किसानों को अपने काम से हाथ धोना पड़ रहा है। अक्सर दो-दो दिनों तक दौड़ने के बाद ही सिलेंडर मिल पा रहा है।
युगल किशोर शुक्ल ने प्रशासन से सवाल किया कि जब देश में कच्चे तेल और पेट्रोलियम की पर्याप्त आपूर्ति है और गैस सिलेंडर उपलब्ध हैं, तो उपभोक्ताओं को होम डिलीवरी से वंचित कर अनावश्यक रूप से परेशान क्यों किया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दिया कि यदि जल्द ही घर-घर सिलेंडर पहुंचाने की व्यवस्था सुचारू नहीं हुई तो आम जनता का आक्रोश और बढ़ सकता है।
इस अवसर पर आशीष शुक्ला, सत्येन्द्र गुप्ता, नृपेन्द्र उपाध्याय, अनुपम तिवारी, शिवम उपाध्याय, प्रवीण तिवारी, रवि पाण्डेय, कृष्ण गोपाल दुबे, राजू पाण्डेय, अरविन्द मिश्रा, आक्रोश पाण्डेय, नजरूल इस्लाम, राजेश वर्मा, राकेश कुमार सोनकर, शिखर सिंह, दिलीप वर्मा, संदीप पाठक सहित तमाम गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।