हजारीबाग /सुमन सिन्हा
झारखंड प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश संयोजक विनोद कुशवाहा ने हजारीबाग विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों पर चल रहे स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एसआईआर) अभियान के तहत फॉर्म वितरण में अनियमितता का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि बूथ संख्या 65, 64, 43, 92, 278, 392 सहित कई अन्य बूथों पर मतदाताओं के बीच फॉर्म वितरण की प्रक्रिया संतोषजनक नहीं है, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
विनोद कुशवाहा ने कहा कि मतदाता सूची पुनरीक्षण जैसे महत्वपूर्ण अभियान में किसी भी प्रकार की लापरवाही लोकतांत्रिक प्रक्रिया को प्रभावित कर सकती है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से सभी बूथों पर फॉर्म वितरण की व्यवस्था को पारदर्शी, व्यवस्थित और तेज करने की मांग की, ताकि कोई भी पात्र मतदाता इस प्रक्रिया से वंचित न रहे।
उन्होंने बताया कि कई क्षेत्रों से फॉर्म समय पर उपलब्ध नहीं होने और वितरण की धीमी गति की शिकायतें मिल रही हैं। ऐसे में चुनाव आयोग और जिला प्रशासन को तत्काल स्थिति की समीक्षा कर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी पूरे अभियान पर नजर बनाए हुए है और मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा के लिए लगातार आवाज उठाती रहेगी। साथ ही प्रशासन से एसआईआर अभियान को निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पूरा करने की अपील की।