ओम प्रकाश तिवारी
चिरैया (मोतिहारी)। पूर्वी चंपारण के चिरैया प्रखंड स्थित राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय, बेलघाट का शनिवार को जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव एवं पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, मध्यान्ह भोजन, साफ-सफाई और छात्र-छात्राओं की उपस्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी बच्चों के बीच पहुंचे, उनसे सवाल-जवाब किए और स्वयं कक्षा में पाठ पढ़ाकर उनका उत्साहवर्धन किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पुलिस अधीक्षक एवं सहायक समाहर्ता राजकृष्ण झा के साथ विद्यालय में शिक्षकों एवं विद्यार्थियों की उपस्थिति की जांच की। विद्यालय परिसर और रसोईघर की साफ-सफाई का निरीक्षण किया गया तथा मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता की जानकारी रसोइयों से ली गई। सभी शिक्षक उपस्थित मिले, जबकि विद्यार्थियों की उपस्थिति भी संतोषजनक पाई गई।
इसके बाद जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने कक्षाओं में जाकर पठन-पाठन व्यवस्था का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने बच्चों से पढ़ाई से जुड़े कई प्रश्न पूछे, जिनका विद्यार्थियों ने सही उत्तर दिया। बच्चों की प्रतिभा से प्रभावित होकर उन्होंने स्वयं कक्षा में पाठ पढ़ाया और उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने की प्रेरणा दी।
जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों से कहा कि उनके अभिभावक उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए कठिन परिश्रम करते हैं। ऐसे में बच्चों का भी दायित्व है कि वे पूरी मेहनत और लगन से पढ़ाई करें तथा अपने माता-पिता का नाम रोशन करें।
उन्होंने हाल ही में घोषित नीट परीक्षा परिणाम का उल्लेख करते हुए कहा कि पूर्वी चंपारण के कई विद्यार्थियों ने इस कठिन परीक्षा में सफलता हासिल कर जिले का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने सभी सफल विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं।
शिक्षकों को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि वे स्वयं को बच्चों का अभिभावक मानकर उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दें। उन्होंने कहा कि सरकार शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है और इस दिशा में शिक्षकों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है।