जितेंद्र कुमार दास
तोपचांची :थाना क्षेत्र के लेदाटांड़ गांव के समीप शनिवार को ग्रामीणों की सतर्कता से 3 लाख 25 हजार 500 रुपये की लूट की बड़ी वारदात विफल हो गई। पिकअप वैन से नकदी लेकर भाग रहे स्कॉर्पियो सवार तीन बदमाशों को ग्रामीणों ने दौड़ाकर पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया, जबकि उनका एक साथी फरार होने में सफल रहा।
जानकारी के अनुसार, बगोदर के सब्जी व्यवसायी गुड्डू कुमार ने चौपारण में सब्जी बिक्री से प्राप्त 3 लाख 25 हजार 500 रुपये चालक प्रीतम रजक के माध्यम से आसनसोल भेजे थे। रास्ते में मदयडीह स्थित एक चाय दुकान पर चालक के रुकने का फायदा उठाकर स्कॉर्पियो सवार चार युवकों ने पिकअप का दरवाजा खोलकर नकदी निकाल ली और फरार हो गए।
चालक ने तत्परता दिखाते हुए स्कॉर्पियो का पीछा किया। लेदाटांड़ चौक के पास यू-टर्न लेने के दौरान स्कॉर्पियो का गियर फंस गया। इसी दौरान चालक के शोर मचाने पर ग्रामीण मौके पर जुट गए और तीन आरोपियों को दबोच लिया। पकड़ने के दौरान एक आरोपी ने नकदी से भरा बंडल पिकअप में ही फेंक दिया, जिससे पूरी राशि सुरक्षित बरामद हो गई।
सूचना मिलते ही तोपचांची पुलिस मौके पर पहुंची और स्कॉर्पियो को जब्त कर लिया। वाहन से लोहे की रॉड एवं चाबियों का गुच्छा भी बरामद हुआ है। देर शाम बाघमारा एसडीपीओ अजीत कुमार बिमल ने थाना पहुंचकर मामले की जानकारी ली। समाचार लिखे जाने तक पुलिस गिरफ्तार तीनों आरोपियों से पूछताछ कर रही थी, जबकि फरार आरोपी की तलाश जारी थी।