रांची — जिला कृषि कार्यालय की ओर से 20 मई 2026 को नगरी प्रखंड स्थित जल छाजन भवन में जिला स्तरीय कृषि मेला सह कृषि प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, कृषि एवं अन्य विभागों के अधिकारियों, कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों तथा जिले के विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे किसानों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान खरीफ फसलों में IFFCO के नैनो उर्वरकों के उपयोग और उसके वैज्ञानिक पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। किसानों को आधुनिक एवं सघन खेती में नैनो उर्वरकों के प्रयोग के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर कृषि विज्ञान केंद्र, दिव्यायन रांची के सस्य वैज्ञानिक डॉ. मनोज कुमार सिंह ने भी किसानों को धान फसल में नैनो उर्वरकों के उपयोग, बीज उपचार और स्प्रे के फायदे बताए। उन्होंने कहा कि इससे फसल की गुणवत्ता और उत्पादन दोनों में सुधार होता है।
मेले में इफको रांची द्वारा विभिन्न कृषि उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगाई गई। जिला परिषद अध्यक्ष, कृषि सलाहकार, विभिन्न विभागों के अधिकारी और किसानों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर आधुनिक खेती में इन उत्पादों की उपयोगिता की जानकारी प्राप्त की।