दीपचंद्र दीक्षित संवाददाता

फर्रुखाबाद। लखनऊ स्थित चौक स्टेडियम में 13 एवं 14 जून 2026 को आयोजित राष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में फर्रुखाबाद के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में जनपद से कुल 16 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया, जिनमें से 13 खिलाड़ियों ने स्वर्ण पदक, 2 खिलाड़ियों ने रजत पदक तथा 1 खिलाड़ी ने कांस्य पदक हासिल किया।

इस शानदार सफलता में ताइक्वांडो कोच साहिलमान का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कोच ने खिलाड़ियों को प्रतियोगिता के लिए विशेष प्रशिक्षण देकर तैयार किया, जिसका परिणाम खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन के रूप में सामने आया।

बालक वर्ग में अगस्त्या, लक्ष्य राठौर, अभिजीत और कृष्णा ने स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। वहीं अंश और वंश ने रजत पदक प्राप्त किया। लक्ष्य शाक्य और वंश श्रीवास्तव ने कांस्य पदक हासिल कर जिले का गौरव बढ़ाया।

बालिका वर्ग में आराध्या राजपूत, अदिति दुबे, राजयस्वी, स्मृति, अंशिका, ऐद्री कटियार, भूमि तिवारी तथा उर्मी ने स्वर्ण पदक जीतकर शानदार सफलता प्राप्त की।

प्रतियोगिता के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उर्मी एवं अंश पाल को बेस्ट फाइटर अवॉर्ड से भी सम्मानित किया गया।

खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर अभिभावकों, खेल प्रेमियों तथा जनपदवासियों ने खुशी व्यक्त करते हुए सभी विजेताओं और कोच साहिलमान को बधाई दी। प्रतियोगिता में मिली इस सफलता से जिले के अन्य खिलाड़ियों को भी प्रेरणा मिलेगी और ताइक्वांडो खेल को नई पहचान प्राप्त होगी।