रफ्तार संवाददाता रंजीत पालकोट, 1 जुलाई। पालकोट थाना क्षेत्र के बघमा तिलईडीह गांव में बुधवार की शाम एक खाद व्यापारी पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। अपराधियों द्वारा की गई फायरिंग में व्यापारी बाल-बाल बच गया। घटना के बाद ग्रामीणों ने पीछा कर एक आरोपी को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। बाद में पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को अपने कब्जे में ले लिया।प्राप्त जानकारी के अनुसार, तिलईडीह निवासी खाद एवं बीज व्यवसायी सुरेंद्र गोप अपनी दुकान में बैठे हुए थे। इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार अपराधी वहां पहुंचे। बताया जाता है कि अपराधियों ने सुरेंद्र गोप को निशाना बनाकर गोली चलाई। हालांकि निशाना चूक जाने के कारण गोली उन्हें नहीं लगी और वे बाल-बाल बच गए। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग और ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़े।ग्रामीणों को अपनी ओर आता देख अपराधी भागने लगे। इस दौरान ग्रामीणों ने उनका पीछा किया। काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों की सहायता से एक आरोपी को पकड़ लिया गया, जबकि उसके अन्य साथी मौके से फरार होने में सफल रहे। पकड़े गए आरोपी की ग्रामीणों ने जमकर पिटाई कर दी, जिससे वह घायल हो गया।घटना बुधवार शाम करीब छह बजे की बताई जा रही है। मामले की सूचना मिलते ही पालकोट थाना के एएसआई चेतन कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने ग्रामीणों के कब्जे से आरोपी को छुड़ाकर अपने संरक्षण में लिया तथा पूछताछ शुरू की।घायल आरोपी को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पालकोट लाया गया, जहां उसका प्राथमिक इलाज कराया गया। पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है तथा फरार अन्य आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।फिलहाल फायरिंग के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है। घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बन गया, हालांकि पुलिस की मौजूदगी से स्थिति सामान्य बताई जा रही है।