ओम प्रकास तिवारी
मोतिहारी, 16 अगस्त 2026। महावीरी झंडा जुलूस के शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित आयोजन को लेकर जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। इसी क्रम में रविवार को शहर में फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च के माध्यम से आम नागरिकों में सुरक्षा एवं प्रशासन के प्रति विश्वास कायम करने के साथ-साथ असामाजिक एवं उपद्रवी तत्वों को स्पष्ट संदेश दिया गया कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
फ्लैग मार्च में अनुमंडल पदाधिकारी श्री अरुण कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी श्री दिलीप कुमार, प्रोबेशनर डीएसपी सुश्री कुमारी प्रियंका एवं श्री अभिषेक कुमार, सर्किल इंस्पेक्टर, नगर थाना, छतौनी थाना एवं मुफस्सिल थाना के थानाध्यक्ष सहित पुलिस एवं प्रशासन के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में पुलिस बल शामिल रहे।
महावीरी झंडा जुलूस को लेकर प्रशासन द्वारा सुरक्षा की व्यापक तैयारियां की गई हैं। संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। जुलूस के दौरान लगातार निगरानी के साथ वीडियोग्राफी, सीसीटीवी, ड्रोन कैमरा एवं अन्य माध्यमों से भी स्थिति पर नजर रखी जाएगी। वहीं सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचना, अफवाह एवं आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने वालों पर भी प्रशासन की पैनी नजर रहेगी।
प्रशासन की नागरिकों से अपील
प्रशासन ने सभी नागरिकों से महावीरी झंडा जुलूस को आपसी भाईचारे, शांति एवं सद्भाव के साथ संपन्न कराने में सहयोग की अपील की है। जुलूस के दौरान निर्धारित मार्ग, समय एवं प्रशासन के निर्देशों का पालन करने तथा किसी भी प्रकार के उत्तेजक या भड़काऊ नारे, गीत, पोस्टर एवं प्रदर्शन से बचने को कहा गया है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी समुदाय की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली गतिविधि न करें तथा सोशल मीडिया पर अफवाह, पुराना वीडियो अथवा फर्जी खबर को सत्यापित किए बिना साझा न करें। किसी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस-प्रशासन को सूचना देने की अपील की गई है।
इसके साथ ही जुलूस के दौरान यातायात व्यवस्था एवं आम लोगों की सुविधा का विशेष ध्यान रखने तथा एम्बुलेंस, अग्निशमन वाहन सहित आपातकालीन सेवाओं के आवागमन में किसी प्रकार की बाधा नहीं डालने की अपील की गई है। अभिभावकों से भी बच्चों एवं युवाओं को शांति और अनुशासन बनाए रखने के लिए प्रेरित करने को कहा गया है।
प्रशासन ने कहा कि धार्मिक आस्था और परंपरा का सम्मान करते हुए पर्व मनाना सभी की जिम्मेदारी है। शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण आयोजन में प्रशासन हरसंभव सहयोग करेगा। वहीं विधि-व्यवस्था भंग करने, अफवाह फैलाने, उपद्रव करने अथवा कानून हाथ में लेने वालों के विरुद्ध विधि-सम्मत सख्त कार्रवाई की जाएगी।