दीनबंधु राउत / रफ्तार मीडिया संवाददाता जामताड़ा :जामताड़ा समाज कल्याण समिति कार्यालय परिसर में बुधवार को जामताड़ा नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष वीरेंद्र मंडल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर नगर पंचायत क्षेत्र के खुदरा व्यवसायियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को उठाया। इस दौरान उन्होंने अपने कार्यकाल की उपलब्धियों को भी विस्तार से रखा और वर्तमान नगर पंचायत की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए। वीरेंद्र मंडल ने कहा कि उनके कार्यकाल में जामताड़ा नगर पंचायत ने विकास और स्वच्छता के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की थीं।उन्होंने दावा किया कि दानपत्र भूमि पर रहने वाले 5,000 से अधिक लोगों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। इसके अलावा मैथन डैम से जामताड़ा जलापूर्ति योजना, आधुनिक बस स्टैंड, स्वामी विवेकानंद पार्क तथा वृहद कचरा प्रबंधन प्रणाली जैसी कई महत्वपूर्ण विकास योजनाओं के लिए टेंडर और कार्यादेश जारी किए गए थे। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं का उद्देश्य शहर के बुनियादी ढांचे को मजबूत करना और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना था।साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान नगर पंचायत प्रशासन चुनाव से पूर्व किए गए कई वादों को अब तक पूरा करने में असफल रहा है। प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने शहर की साफ-सफाई व्यवस्था पर भी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि नगर क्षेत्र के कई हिस्सों में गंदगी का अंबार लगा हुआ है, नालियों की सफाई अधूरी है तथा खुले मैनहोल लोगों के लिए दुर्घटना का कारण बन सकते हैं। ऐसी स्थिति नगर प्रशासन की कार्यशैली पर प्रश्नचिह्न खड़ा करती है। वही वीरेंद्र मंडल ने उपायुक्त से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। उन्होंने अवैध वसूली पर तत्काल रोक लगाने तथा व्यवसायियों और शिकायतकर्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की भी अपील की। मौके पर गौर बाउरी, बादल महतो, मुकेश कुमार सिंह, विनय मिश्रा, गुंजन सिंह, भुवन महतो, तपन मंडल सहित अन्य उपस्थित थे।