दीनबंधु राउत / रफ्तार मीडिया संवाददाता जामताड़ा
सावित्री देवी डीएवी पब्लिक स्कूल जामताड़ा में बुधवार को हिंदुस्तान स्काउट एंड गाइड संस्था के तत्वावधान में चार दिवसीय स्काउट-गाइड प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ किया गया। प्रशिक्षण शिविर का नेतृत्व राज्य प्रशिक्षण आयोग, रांची के आयुक्त हैदर अली एवं जामताड़ा जिला संगठन आयुक्त राजेश कुमार यादव कर रहे हैं। शिविर का समापन 12 जुलाई को प्रातःकालीन सभा में होगा, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। शिविर के पहले दिन आयोजित प्रातःकालीन सभा में विद्यार्थियों को स्काउट-गाइड से जुड़े विभिन्न अभ्यास कराए गए। प्रशिक्षण के दौरान अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना, आत्मनिर्भरता और सेवा भाव जैसे गुणों के विकास पर विशेष जोर दिया जा रहा है। बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रशिक्षण में भाग लिया। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य डॉ. विजय कुमार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि स्काउट एवं गाइड प्रशिक्षण केवल शारीरिक दक्षता ही नहीं, बल्कि मानसिक और नैतिक विकास का भी सशक्त माध्यम है। इससे बच्चों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, सेवा भावना और देशभक्ति का विकास होता है। उन्होंने कहा कि डीएवी पब्लिक स्कूल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है। हाल ही में विद्यालय के कई विद्यार्थियों का चयन राष्ट्रीय खेलों में राष्ट्र एवं संकुल स्तर पर हुआ है, जो विद्यालय के लिए गर्व की बात है। वही प्राचार्य ने बताया कि विद्यालय में पूर्व से ही स्काउट-गाइड प्रशिक्षण की परंपरा रही है तथा एनसीसी का प्रशिक्षण भी उपलब्ध कराया जाता है।उन्होंने कहा कि स्काउट-गाइड जैसी गतिविधियां बच्चों में जनसेवा की भावना विकसित करती हैं, जो मानवीय एवं नैतिक मूल्यों के निर्माण के लिए अत्यंत आवश्यक है।प्रातःकालीन सभा में लगभग 1700 विद्यार्थी, शारीरिक शिक्षा शिक्षक तथा विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे। प्रशिक्षण शिविर को लेकर विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखा गया।