राजु मंडल/गांडेय : गांडेय अंचल अंतर्गत अहिल्यापुर थाना क्षेत्र के लखनपुर गांव में वन विभाग की टीम पर अवैध आरा मिल के संचालकों और ग्रामीणों द्वारा पथराव किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पथराव के कारण एक समय के लिए वन कर्मियों में भगदड़ मच गई और कई कर्मियों को चोटें भी आई। बाद में अहिल्यापुर थाना पुलिस के सहयोग से बल पूर्वक दोनों अवैध आरा मिलों को ध्वस्त कर दिया गया और वहां से लाखों रुपये मूल्य की कीमती लकड़ियां और मिल के उपकरण जब्त किए गए।

*​गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई*

​प्राप्त जानकारी के अनुसार, वन विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि लखनपुर गांव के ऊपर टोला और नीचे टोला में बड़े पैमाने पर अवैध आरा मिल का संचालन किया जा रहा है। सूचना के आलोक में खुरचुट्टा वन क्षेत्र पदाधिकारी (रेंजर) संजीव कुमार रवि के नेतृत्व में एक संयुक्त टीम का गठन कर छापेमारी की गई। टीम जैसे ही मौके पर पहुंचकर आरा मिल को उखाड़ने लगी, वैसे ही स्थानीय ग्रामीणों और मिल समर्थकों ने टीम पर अचानक पथराव शुरू कर दिया।

*​थाना प्रभारी के पहुंचते ही खदेड़े गए उपद्रवी*

​पथराव की सूचना मिलते ही अहिल्यापुर थाना प्रभारी ऐनुलहक खान पुलिस बल के साथ तुरंत घटना स्थल पर पहुंचे। पुलिस की भारी मुस्तैदी और कड़ा रुख देखकर पथराव करने वाले उपद्रवी मौके से भाग खड़े हुए। इसके बाद वनरक्षियों और पुलिस जवानों ने घेराबंदी कर दोनों अवैध मिलों को पूरी तरह उखाड़ फेंका। इधर ​रेंजर संजीव कुमार रवि ने कहा की अवैध आरा मिलों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। पथराव में जिन वन कर्मियों को चोटें आई हैं, उन्हें तुरंत इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। सरकारी कार्य में बाधा डालने और हमला करने वाले तत्वों को बख्शा नहीं जाएगा। इस बड़ी कार्रवाई को सफल बनाने में मुख्य रूप से रेंजर संजीव कुमार रवि, गांवा रेंजर अनिल कुमार, रोहित कुमार पंडित, वनकर्मी संदीप मिश्रा, समसेर अंसारी, रंजन शर्मा, बम्ब शंकर वर्मा, रामदेव मरांडी, बिष्णु किस्कू, बबिता कुमारी, सुरुचि कुमारी सहित अहिल्यापुर थाने के दर्जनों पुलिसकर्मी मुस्तैद दिखे।