दीनबंधु राउत / रफ्तार मीडिया संवाददाता जामताड़ा


ऑल इंडिया पसमांदा उलेमा बोर्ड के राष्ट्रीय प्रवक्ता मौलाना अब्दुल रकीब रहमानी ने कहा कि भारत की असली पहचान उसकी गंगा-जमुनी तहजीब और विविधता में एकता की संस्कृति है। उन्होंने कहा कि भारत सदियों से अलग-अलग धर्मों, भाषाओं और संस्कृतियों के लोगों को साथ लेकर चलने वाला देश रहा है। मौलाना रहमानी ने कहा कि देश की ताकत आपसी भाईचारे और सभी धर्मों के सम्मान में है।धर्म और राष्ट्रवाद को लेकर समाज में फैल रही गलतफहमियों पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि नफरत और विभाजन की राजनीति से देश कमजोर होता है। सोशल मीडिया और राजनीतिक बयानबाजी के माध्यम से समाज को बांटने की कोशिशों से बचने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान हर नागरिक को अपने धर्म का पालन करने और समान अधिकार के साथ जीवन जीने की आजादी देता है। भारत की संस्कृति में हिंदू, मुस्लिम, सिख, ईसाई सहित सभी समुदायों ने मिलकर देश को आगे बढ़ाया है। मौलाना रहमानी ने स्वतंत्रता आंदोलन में सभी धर्मों के योगदान को याद करते हुए कहा कि मौलाना अबुल कलाम आजाद, अशफाक उल्लाह खान और डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम जैसे महान व्यक्तित्वों ने देश निर्माण में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि भारत की मजबूती प्रेम, संवाद और इंसानियत के रास्ते पर चलने से होगी। सभी लोगों को मिलकर देश की साझा संस्कृति और भाईचारे को मजबूत करना चाहिए, ताकि आने वाली पीढ़ियों को एक शांतिपूर्ण और मजबूत भारत मिल सके।