दिनेश कुमार रजक:चित्तरंजन:पश्चिम बंगाल सरकार की महत्वाकांक्षी अन्नपूर्णा योजना का सलानपुर प्रखंड में मंगलवार, 3 जून को उत्साहपूर्ण शुभारंभ किया गया। बीडीओ कार्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में पहले दिन 50 पात्र महिला लाभार्थियों को सरकारी प्रमाणपत्र वितरित किए गए। योजना का राज्य स्तरीय शुभारंभ मुख्यमंत्री द्वारा वर्चुअल माध्यम से किया गया। इस दौरान मुख्य सचिव सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण सलानपुर में भी देखा गया। स्थानीय कार्यक्रम में विधायक अरिजीत राय के पिता अमल राय और माता सुचंद्रा राय विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने लाभार्थी महिलाओं को अपने हाथों से प्रमाणपत्र सौंपे और योजना के लाभ बताए। भाजपा नेता चिन्मय तिवारी, संयुक्त बीडीओ सौरभ कुमार, ब्लॉक वेलफेयर ऑफिसर संदीप चटर्जी, अंजन सरकार सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। प्रशासन ने जानकारी दी कि पहले चरण में लगभग 5,500 लाभार्थियों के आवेदन सत्यापित कर पोर्टल पर अपलोड किए जा चुके हैं। पात्र महिलाओं को योजना की राशि सीधे उनके बैंक खाते में डीबीटी के माध्यम से भेजी जाएगी। अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान में लक्ष्मीर भंडार योजना की करीब 31,000 महिला लाभार्थियों को भी अन्नपूर्णा योजना से जोड़ने की प्रक्रिया चल रही है। जिन महिलाओं ने अब तक आवेदन नहीं किया है, उनसे जल्द से जल्द फॉर्म भरने की अपील की गई है ताकि कोई भी पात्र वंचित न रहे।