फतह सिंह उजाला
गुरुग्राम 16 जुलाई । थाना सैक्टर-5 की पुलिस टीम द्वारा त्वरित एवं संवेदनशील कार्रवाई करते हुए रेलवे स्टेशन के पास मिली लगभग 11 वर्षीय बच्ची को सकुशल उसके परिजनों से मिलवाने का सराहनीय कार्य किया गया। गुरुवार को पुलिस थाना सैक्टर-5, गुरुग्राम की पुलिस टीम को सूचना प्राप्त हुई कि रेलवे स्टेशन,गुरुग्राम के पास लगभग 11 वर्षीय बच्ची गुमशुदा/लावारिश मिली है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची तथा बच्ची को अपनी सुरक्षा में लेकर उससे आवश्यक जानकारी हासिल की।
बच्ची ने अपने स्कूल एवं अन्य आवश्यक जानकारी पुलिस टीम को दी। पुलिस टीम द्वारा बच्ची के बताए अनुसार संबंधित स्कूल में पहुंचकर जानकारी एकत्रित की गई तथा स्कूल के माध्यम से बच्ची के माता-पिता से संपर्क स्थापित किया गया। पुलिस टीम द्वारा आवश्यक पूछताछ एवं कानूनी औपचारिकताएं पूर्ण करने के उपरांत बच्ची को सुरक्षित रूप से उसके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया गया। अपनी बच्ची को सकुशल पाकर परिजनों ने गुरुग्राम पुलिस का आभार व्यक्त किया। पुलिस टीम ने परिजनों के इस आभार को अपना कर्तव्य समझते हुए सहजता से स्वीकार किया।
अभिभावकों से अपील कि बच्चों को अपने घर का पता, माता-पिता का मोबाइल नंबर तथा अन्य आवश्यक संपर्क विवरण अवश्य याद करवाएं। यदि कोई बच्चा भटका हुआ या गुम मिलता है अथवा कोई बच्चा गुम हो जाता है, तो तुरंत नजदीकी पुलिस थाना/चौकी अथवा डायल-112 पर सूचना दें।