बिरनी/गिरिडीह:श्याम मोदी:बिरनी प्रखंड के शाखाबारा पंचायत अंतर्गत जूठाआम में आयोजित जूठाआम प्रीमियर लीग (JPL) सीजन-3 डे-नाइट नॉकआउट क्रिकेट टूर्नामेंट का सोमवार को शानदार समापन हुआ। 9 मई 2026 से शुरू हुए इस क्रिकेट महाकुंभ का फाइनल मुकाबला 11 मई की सुबह खेला गया, जिसमें खरखरी और श्रीरामडीह की टीमों के बीच रोमांचक भिड़ंत देखने को मिली। बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए श्रीरामडीह की टीम ने खिताब अपने नाम कर क्षेत्र में अपनी खेल प्रतिभा का लोहा मनवाया।
फाइनल मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए खरखरी टीम ने निर्धारित 8 ओवर में 70 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीरामडीह की टीम ने आक्रामक बल्लेबाजी का शानदार प्रदर्शन करते हुए मात्र 6 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर मुकाबला जीत लिया। मैच के दौरान चौकों-छक्कों की बरसात और सधी हुई गेंदबाजी ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। पूरे मैदान में खेल प्रेमियों का उत्साह देखने लायक था। टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में मुख्य अतिथि के रूप में मध्य जोन जिला परिषद प्रतिनिधि डॉ. सलीम अंसारी उपस्थित रहे। वहीं विशेष अतिथि के रूप में मंझलाडीह पंचायत के मुखिया सत्येंद्र राउत तथा शाखाबारा पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि राजेंद्र कुमार यादव शामिल हुए। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया और खेल भावना के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। इस मौके पर समाजसेवी महेश यादव, अनिल वर्मा, दिवासकर राउत, छोटेलाल विश्वकर्मा, पिंटू यादव, सचिन रजक समेत कई जनप्रतिनिधि, समाजसेवी एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने आयोजन समिति की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के खेल आयोजन ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
टूर्नामेंट के सफल आयोजन में संगम कुमार, राकेश कुमार सिन्हा, नीतीश, महेश एवं नीरज की अहम भूमिका रही। वहीं “ट्रिपल MMM” के माध्यम से मैच का लाइव प्रसारण भी किया गया, जिसे लोगों ने काफी पसंद किया। पत्रकार टिंकू राय ने भी पूरे आयोजन की कवरेज कर टूर्नामेंट को व्यापक पहचान दिलाने में योगदान दिया।
पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी रणधीर को “मैन ऑफ द मैच” तथा फराज को “मैन ऑफ द सीरीज” के पुरस्कार से सम्मानित किया गया। विजेता टीम श्रीरामडीह को ₹51,000 नकद पुरस्कार एवं आकर्षक ट्रॉफी प्रदान की गई, जबकि उपविजेता खरखरी टीम को ₹31,000 एवं ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।
हजारों की संख्या में मौजूद दर्शकों ने अनुशासन एवं खेल भावना के साथ टूर्नामेंट को सफल बनाया। जूठाआम प्रीमियर लीग ने एक बार फिर साबित कर दिया कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। इस आयोजन ने युवाओं में उत्साह, भाईचारा और खेल संस्कृति को नई दिशा देने का कार्य किया।