ओम प्रकास तिवारी
मोतिहारी। संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार एवं कला, संस्कृति एवं युवा विभाग, बिहार सरकार के निर्देश के आलोक में हर घर तिरंगा अभियान-2026 के तहत बुधवार को जिला प्रशासन, पूर्वी चंपारण के सौजन्य से भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में समाज के सभी वर्गों के लोगों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया और देशभक्ति एवं राष्ट्र गौरव की भावना का संदेश दिया।
तिरंगा यात्रा में जिला स्तरीय पदाधिकारी, राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि, विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि, चिकित्सक, संस्कृतिकर्मी, व्यवसायी, शिक्षक, खिलाड़ी, समाहरणालय कर्मी सहित बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे शामिल हुए।
यात्रा का शुभारंभ समाहरणालय परिसर से हुआ। इससे पूर्व राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ और राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ का सामूहिक गायन किया गया। समाहरणालय परिसर में वंदे मातरम की परिकल्पना पर आधारित भव्य रंगोली भी बनाई गई, जो लोगों के आकर्षण का केंद्र रही।
यात्रा को रवाना करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि वंदे मातरम के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में देशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय के निर्देश पर देश के सभी जिलों में तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस यात्रा का उद्देश्य देशभक्ति, राष्ट्र गौरव एवं राष्ट्रवाद की भावना को मजबूत करने के साथ व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करना है।
उन्होंने कहा कि समाज के सभी वर्गों की सहभागिता यह संदेश देती है कि राष्ट्र की एकता और अखंडता के प्रति सभी की समान जिम्मेदारी है। तिरंगा यात्रा नई पीढ़ी में भी देशभक्ति की भावना को और मजबूत करेगी।
समाहरणालय परिसर से निकली तिरंगा यात्रा मुख्य पथ होते हुए कचहरी चौक, राजा बाजार, बलुआ ओवरब्रिज, सदर अस्पताल, रेड क्रॉस एवं टाउन थाना होते हुए गांधी संग्रहालय पहुंची। यहां यात्रा का समापन किया गया। समापन से पूर्व यात्रा में शामिल गणमान्य लोगों एवं अन्य प्रतिभागियों ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की।
बताया गया कि जिले के सभी अनुमंडल एवं प्रखंड स्तर पर भी बुधवार को तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय लोगों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, विद्यार्थियों एवं विभिन्न संगठनों के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।