रफ्तार मीडिया संवाददाता

रांची:स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर युवाओं में खेल भावना, अनुशासन और राष्ट्रप्रेम को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित इंडिपेंडेंस कप 2026 की ट्रॉफी का अनावरण अरगोड़ा चौक स्थित हनुमान मंदिर परिसर में भव्य अनावरण किया गया। प्रतियोगिता का आयोजन जोहार भारत फाउंडेशन एवं सोशल इनोवेशन ग्रुप द्वारा संयुक्त रूप से किया जा रहा है।इंडिपेंडेंस कप 2026 की ट्रॉफी का अनावरण भाजपा प्रवक्ता अजय साहा, रणजी ट्रॉफी क्रिकेटर एवं भाजपा युवा मोर्चा  के प्रदेश उपाध्यक्ष अजातशत्रु तथा क्रिकेटर एस.पी. गौतम ने संयुक्त रूप से किया। ट्रॉफी अनावरण के दौरान आयोजन समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों में खासा उत्साह देखने को मिला।

कार्यक्रम में रांची के कई प्रमुख सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स, जोहार भारत फाउंडेशन  के सदस्य, आयोजन समिति से जुड़े पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस दौरान आगामी प्रतियोगिता को लेकर चर्चा की गई तथा युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में खेल से जुड़ने की अपील की गई।आयोजकों ने बताया कि इंडिपेंडेंस कप 2026 का मुख्य उद्देश्य युवाओं को खेलों की ओर आकर्षित करना, स्थानीय स्तर पर मौजूद खेल प्रतिभाओं को बेहतर मंच उपलब्ध कराना और उनमें टीम भावना एवं अनुशासन की भावना विकसित करना है। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित इस खेल आयोजन के माध्यम से युवाओं के बीच राष्ट्रप्रेम और सकारात्मक सोच को भी बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है।

कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि खेल केवल शारीरिक स्वास्थ्य के लिए ही महत्वपूर्ण नहीं है, बल्कि इससे युवाओं में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, आपसी सहयोग और संघर्ष करने की भावना भी विकसित होती है। स्थानीय स्तर पर इस तरह के आयोजनों से उभरती प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है।ट्रॉफी अनावरण कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने इंडिपेंडेंस कप को लेकर उत्साह व्यक्त करते हुए आयोजन की सफलता की कामना की। आयोजकों ने युवाओं से प्रतियोगिता में बढ़ चढ़कर हिस्सा लेने और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता को सफल बनाने की अपील की।आयोजन समिति ने संदेश दिया कि स्वतंत्रता दिवस केवल देशभक्ति की भावना व्यक्त करने का अवसर नहीं, बल्कि युवाओं को सकारात्मक दिशा देने का भी अवसर है। इसी उद्देश्य के साथ “आइए, खेलें भी और देश के लिए जिएँ भी” के संदेश के साथ इंडिपेंडेंस कप 2026 का आयोजन किया जा रहा है।