रफ्तार मीडिया / संवाददाता जामताड़ा:
20वीं जूनियर बालिका खो-खो प्रतियोगिता 2026-27 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जामताड़ा टीम ने तीसरा स्थान प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया है। इस उपलब्धि पर सोमवार को मुख्यमंत्री उत्कृष्ट कस्तूरबा गांधी विद्यालय, जामताड़ा के सभागार में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जहां खिलाड़ियों को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। समारोह में जामताड़ा के सिविल सर्जन डॉ. शिव प्रसाद मिश्रा, चिकित्सक डॉ. निलेश कुमार, विद्यालय की वॉर्डन कंचन कुमारी, शिक्षिका रश्मि कुमारी तथा जामताड़ा जिला खो-खो संघ के महासचिव नंदन सिंह ने खिलाड़ियों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। इस दौरान सभी अतिथियों ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके बेहतर भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। सिविल सर्जन डॉ. शिव प्रसाद मिश्रा ने कहा कि जामताड़ा की बेटियों ने अपनी मेहनत, अनुशासन और लगन के बल पर यह उपलब्धि हासिल की है।उन्होंने कहा कि यह केवल खिलाड़ियों की सफलता नहीं, बल्कि पूरे जिले के लिए गर्व का विषय है। वहीं विद्यालय की वॉर्डन कंचन कुमारी ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्हें आगे भी इसी समर्पण और मेहनत के साथ खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। गौरतलब है कि 20वीं जूनियर बालिका खो-खो प्रतियोगिता का आयोजन 29 से 31 मई तक जामताड़ा के ऐतिहासिक गांधी मैदान में किया गया था।प्रतियोगिता का आयोजन झारखंड राज्य खो-खो संघ एवं जामताड़ा जिला खो-खो संघ के संयुक्त तत्वावधान में हुआ था।प्रतियोगिता में जामताड़ा की टीम ने बेहतरीन खेल भावना, अनुशासन और टीम वर्क का परिचय देते हुए तीसरा स्थान हासिल किया। सम्मान समारोह में जिला खो-खो संघ के कोषाध्यक्ष गौरव जोशी, रिया पाल, कविता कुमारी, नेहा कुमारी, निशा कुमारी, प्रियंका कुमारी, माहे राजिम समीम, सुभाष सोरेन सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी, खेल प्रेमी और विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम में खिलाड़ियों की उपलब्धि पर सभी ने हर्ष व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।