फतह सिंह उजाला
गुरुग्राम 17 जुलाई । गुरुग्राम के  एमएलए मुकेश शर्मा  ने  अपैरल हाउस, सेक्टर-44 में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा जींद से देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन के ऐतिहासिक शुभारंभ एवं "विकसित हरियाणा–विकसित भारत" रैली का सामूहिक रूप से लाइव प्रसारण देखा।

इस अवसर पर एमएलए मुकेश शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हरियाणा विकास के नए युग में प्रवेश कर रहा है। प्रधानमंत्री ने प्रदेश में 14,422 करोड़ की लागत वाली सात विकास परियोजनाओं का लोकार्पण तथा 299 करोड़ की दो नई परियोजनाओं का शिलान्यास कर विकास को नई गति प्रदान की है। उन्होंने कहा कि इन महत्वपूर्ण परियोजनाओं में देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन, कुरुक्षेत्र एलिवेटेड रेलवे ट्रैक, भिवानी एवं नारनौल के चिकित्सा महाविद्यालय, दिल्ली–अमृतसर–कटरा एक्सप्रेसवे, अंबाला–काला अंब, जींद–गोहाना तथा हांसी–बरवाला राष्ट्रीय राजमार्ग और कुरुक्षेत्र स्थित सिख संग्रहालय जैसी जनहितकारी योजनाएँ शामिल हैं। इन परियोजनाओं से प्रदेश के आधारभूत ढाँचे, स्वास्थ्य सेवाओं, रेल एवं सड़क संपर्क को अभूतपूर्व मजबूती मिलेगी तथा "विकसित हरियाणा–विकसित भारत" के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा।

कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने गुरुग्राम से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को सांकेतिक रूप से आवास की चाबियाँ भी प्रदान कीं। प्रधानमंत्री के इको-फ्रेंडली रैली के संकल्प को आत्मसात करते हुए एमएलए मुकेश शर्मा कार्यकर्ताओं के साथ इलेक्ट्रिक रिक्शा से कार्यक्रम स्थल पहुंचे। इस पहल के माध्यम से उन्होंने पर्यावरण संरक्षण और हरित परिवहन को बढ़ावा देने का संदेश भी दिया। इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री श्री राव इंद्रजीत सिंह, गुरुग्राम की मेयर श्रीमती राजरानी मल्होत्रा, मानेसर के मेयर डॉ. इंद्रजीत यादव, भाजपा गुरुग्राम के जिलाध्यक्ष श्री सर्वप्रिय त्यागी, प्रदेश सचिव श्रीमती गार्गी कक्कड़, भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी, पार्षदगण, मंडल एवं जिला कार्यकारिणी के सदस्य, प्रशासनिक अधिकारी तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।