सौरभ राय/ रफ्तार मीडिया
रांची: झारखंड में जेपीएससी और जेएसएससी के ऊपर लगाए गए कथित अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर राजधानी रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में युवा आंदोलन के जरिए अपना आक्रोश व्यक्त कर रहे हैं। इस बीच पिछले 11 दिन से आंदोलन कर रहे छात्र नेता देवेन्द्रनाथ महतो का अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल तीसरे दिन में प्रवेश कर गई। मंगलवार को दिशोम गुरु शिबू सोरेन के प्रथम पुण्यतिथि के अवसर पर आंदोलन को और मजबूत करने का निर्णय देवेंद्रनाथ महतो द्वारा लिया गया है।
दिशोम गुरु शिबू सोरेन के पुण्यतिथि पर दिया संदेश
आंदोलन का नेतृत्व कर रहे छात्र नेता देवेन्द्र नाथ महतो ने कहा कि यह संघर्ष झारखंड के लाखों बेरोजगार युवाओं के भविष्य, अधिकार और सम्मान की लड़ाई है। उन्होंने कहा कि वे दिशोम गुरु शिबू सोरेन के संघर्ष और जनआंदोलन की राह पर चलते हुए युवाओं के न्याय और अधिकारों के लिए आंदोलन को और मजबूत करेंगे।
भूख हड़ताल के दौरान देवेन्द्रनाथ महतो की तबीयत बिगड़ी
भूख हड़ताल के तीसरे दिन देवेन्द्रनाथ महतो की तबीयत बिगड़ने की जानकारी सामने आई है। आंदोलनकारियों के अनुसार लगातार तीन दिनों से जल और अन्न का त्याग करने के कारण उनके ब्लड प्रेशर और ब्लड शुगर में गिरावट दर्ज की गई है। इसके अलावा शरीर में तेज दर्द, अत्यधिक कमजोरी, थकान और डिहाइड्रेशन जैसी समस्याएं बढ़ गई हैं। चिकित्सकों की सलाह पर उनकी स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए स्लाइन चढ़ाया गया।
जब तक राज्य सरकार जेपीएससी और जेएसएससी मुद्दे पर ठोस कार्रवाई नहीं करती तब तक आंदोलन जारी रहेगा- देवेन्द्रनाथ महतो
मौके पर देवेन्द्र नाथ महतो ने कहा कि जब तक राज्य सरकार जेपीएससी और जेएसएससी भर्ती प्रक्रियाओं में कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच नहीं कराती और पूरी भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी एवं भ्रष्टाचार मुक्त बनाने की दिशा में ठोस पहल नहीं करती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि यह किसी राजनीतिक दल या व्यक्ति के खिलाफ आंदोलन नहीं, बल्कि झारखंड के लाखों युवाओं और उनके अभिभावकों के भविष्य को सुरक्षित करने की लड़ाई है।