झारखंड/ रामगढ़/ डीके राठौर  
रामगढ़/गोला, 04 अगस्त।झारखंड आंदोलन के महानायक एवं पद्म भूषण से सम्मानित दिशोम गुरु स्वर्गीय शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि आज उनके पैतृक गांव नेमरा (लुकैया टांड़), गोला प्रखंड में पूरे श्रद्धा, सम्मान और हर्षोल्लास के साथ मनाई जा रही है। इस अवसर पर गांव में स्थापित उनकी 45 फीट ऊंची भव्य प्रतिमा का अनावरण झारखंड के मुख्यमंत्री एवं उनके पुत्र हेमन्त सोरेन करेंगे। कार्यक्रम को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल है तथा हजारों लोगों के पहुंचने की संभावना है।

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन का हेलीकॉप्टर दोपहर लगभग 1:00 बजे हेलीपैड पर उतरने का कार्यक्रम है। इसके बाद वे सर्वप्रथम अपने पिता दिशोम गुरु शिबू सोरेन की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। तत्पश्चात विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे और बाद में अपने पैतृक आवास जाएंगे।
इस अवसर पर विकास मेला सह परिसंपत्ति वितरण कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया है। विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत लाभुकों के बीच साइकिल सहित अन्य परिसंपत्तियों का वितरण किया जाएगा। साथ ही विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से आमजन को सरकारी योजनाओं की जानकारी एवं लाभ उपलब्ध कराया जाएगा। कार्यक्रम में झारखंड सरकार के कई मंत्री, जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल होने की संभावना है।
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। उपायुक्त ऋतुराज एवं पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत ने कार्यक्रम स्थल पर प्रतिनियुक्त सभी प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग कर उन्हें सौंपे गए दायित्वों का गंभीरता एवं समन्वय के साथ निर्वहन करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने मंच व्यवस्था, लाभुकों की सुचारु आवाजाही, परिसंपत्ति वितरण, पेयजल, स्वास्थ्य, स्वच्छता, विद्युत, पार्किंग तथा अन्य सभी मूलभूत व्यवस्थाओं को समयबद्ध एवं व्यवस्थित ढंग से सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। वहीं पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात नियंत्रण, भीड़ प्रबंधन, वीआईपी मूवमेंट एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर सभी पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
संयुक्त निरीक्षण के दौरान कार्यक्रम स्थल पर की गई तैयारियों की समीक्षा भी की गई। जिला प्रशासन ने बताया कि कार्यक्रम की सभी आवश्यक तैयारियां अंतिम चरण में पूरी कर ली गई हैं और आमजन, लाभुकों एवं अतिथियों की सुविधा के लिए व्यापक प्रबंध किए गए हैं।
दिशोम गुरु शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि पर आयोजित यह कार्यक्रम झारखंड के राजनीतिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक दृष्टिकोण से ऐतिहासिक माना जा रहा है। नेमरा गांव को आकर्षक ढंग से सजाया गया है और पूरे क्षेत्र में श्रद्धांजलि, विकास और जनसेवा का अनूठा वातावरण देखने को मिल रहा