गोवर्धन रजक रफ्तार मीडिया संवाददाता धनबाद। धनबाद जिले के बरवाअड्डा थाना क्षेत्र अंतर्गत कांडालांघा गांव में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध शराब जब्त की है। यह सफलता वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) प्रभात कुमार को मिली एक गुप्त सूचना के आधार पर मिली। सूचना के अनुसार, कांडालांघा गांव के एक घर में काफी लंबे समय से अवैध शराब का काला कारोबार चलाया जा रहा था।सूचना मिलते ही बरवाअड्डा थाना प्रभारी रवि कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने सूझबूझ और योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाकर चिन्हित ठिकाने पर छापेमारी की। इस दौरान मौके से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की गई। अचानक हुई इस पुलिसिया कार्रवाई से इलाके के शराब माफियाओं में हड़कंप मच गया है।फिलहाल, पुलिस जब्त की गई शराब को थाने ले आई है, जहां उसकी बोतलों की गिनती की जा रही है। थाना प्रभारी रवि कुमार ने बताया कि जब्त की गई अवैध शराब की कुल खेप और उसकी अनुमानित बाजार कीमत (मूल्यांकन) का सटीक पता लगाया जा रहा है। पुलिस इस बात की भी गहन जांच कर रही है कि इस अवैध धंधे का मुख्य सरगना कौन है और यह शराब कहां सप्लाई की जानी थी। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।