वाराणसी के राजातालाब इलाके में एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने हर किसी को चौंका दिया। आमतौर पर पति या पत्नी के अफेयर का मामला सामने आने पर घर टूटने और विवाद बढ़ने की नौबत आ जाती है। लेकिन यहां 25 साल से साथ निभा रही पत्नी को जब पति ने उसके प्रेमी के साथ रंगे हाथ पकड़ लिया, तो गुस्सा करने या बवाल मचाने की बजाय उसने वहीँ फैसला लिया – पत्नी की शादी उसके प्रेमी से करवा दी।

25 साल पुराना रिश्ता और बीच में आया प्रेमी

यह कहानी मिर्जापुर जिले के अरविंद पटेल और उनकी पत्नी से जुड़ी है। शादी को 25 साल हो चुके थे और दो बच्चों की परवरिश भी साथ में हुई। लेकिन करीब एक साल पहले दोनों के बीच अनबन बढ़ गई। पत्नी अरविंद का घर छोड़कर चंदौली के हमीदपुर में किराए पर रहने लगी। इसी दौरान उसका रिश्ता 50 वर्षीय सियाराम यादव के साथ गहराता चला गया। सियाराम पहले अरविंद की जमीन पर बनी दुकान चलाते थे और दोनों पिछले 20 साल से एक-दूसरे को जानते थे।

पति ने लगाया जासूसी, रंगे हाथ पकड़ा

पत्नी के व्यवहार पर शक होने के कारण अरविंद ने उसकी गतिविधियों पर नजर रखना शुरू किया। कुछ समय पहले उन्हें सूचना मिली कि उनकी पत्नी प्रेमी सियाराम के साथ किराए के कमरे में है। अरविंद मौके पर पहुंचे और दोनों को एक साथ देख लिया। आम तौर पर ऐसी स्थिति में विवाद या पुलिस केस होना लाजमी था, लेकिन अरविंद ने उल्टा फैसला लिया। उन्होंने कहा कि चूंकि दोनों का रिश्ता लंबे समय से है, इसलिए अब इसे सामाजिक मान्यता दिलाना ही सही होगा।

मंदिर में हुई शादी, पुलिस भी बनी गवाह

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। जब मामला पुलिस चौकी ले जाया गया, तो दोनों पक्षों के बीच सहमति बनी कि महिला और सियाराम की शादी कराई जाए। इसके बाद सभी लोग वाराणसी के मोहनसराय स्थित धांगणबीर मंदिर पहुंचे, जहां पुजारी ने पूरे विधि-विधान से शादी कराई। वरमाला से लेकर सात फेरे तक की रस्में पूरी हुईं और समाज व पुलिस की मौजूदगी में दोनों जीवनसाथी बन गए।

पति ने लिया बड़ा फैसला

पति अरविंद ने कहा, “मुझे लंबे समय से पत्नी के संबंधों की जानकारी थी। जब पकड़ा तो मैंने सोचा कि अब इस रिश्ते को सामाजिक मान्यता देना ही ठीक है। अब मेरे ऊपर कोई बोझ या शक बाकी नहीं है। पत्नी अपने मनचाहे साथी के साथ खुश रहे, यही अच्छा है।”

पत्नी और प्रेमी ने भी जताई खुशी

पत्नी ने भी स्वीकार किया कि वह पिछले 20 साल से सियाराम को जानती है और वह उसके जीवन का अहम हिस्सा हैं। उसने कहा कि अब समाज के सामने खुलकर साथ रहने की राहत है। वहीं सियाराम ने भी रिश्ते को कबूल करते हुए कहा कि अब शादी के बाद वे खुलकर अपना जीवन जी पाएंगे।