रफ्तार मीडिया संवाददाता पवन गुप्ता
खलारी : झारखंड कोलियरी मजदूर यूनियन जोनल समिति के निर्देशानुसार, पिपरवार एरिया का एक दिवसीय सेमिनार बचरा स्थित ऑफिसर क्लब में आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता एरिया अध्यक्ष परमेश्वर गंझू ने की, जबकि संचालन एरिया सचिव इकबाल हुसैन और अर्जुन गंझू ने संयुक्त रूप से किया।कार्यक्रम का उद्घाटन झारखंड के वीर शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित कर और दीप प्रज्वलित कर किया गया। आयोजकों ने मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों का बुके, माला और अंगवस्त्र देकर स्वागत किया।
मुख्य अतिथि जोनल सचिव सह जेबीसीसीआई सदस्य (नन माइनिंग) जयनारायण महतो ने कहा कि मजदूरों और विस्थापितों की अनदेखी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने प्रबंधन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि मजदूरों की समस्याओं का त्वरित समाधान नहीं हुआ, तो यूनियन आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होगी। सेमिनार में यूनियन की सदस्यता को 40% तक बढ़ाने और संगठनात्मक ढांचे में सुधार लाने का संकल्प लिया गया।विशिष्ट अतिथि और जोनल उपाध्यक्ष राजकुमार महतो ने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए सदस्यता अभियान को तेज किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि विस्थापितों और श्रमिकों के हर मुद्दे को यूनियन मजबूती से उठाती रहेगी। झामुमो के वरिष्ठ नेता शमीम बडेहार ने कहा कि स्थानीय युवाओं को रोजगार और क्षेत्र के विकास के लिए यूनियन हमेशा अग्रणी भूमिका निभाती रहेगी।
सेमिनार में अन्य वक्ताओं ने केंद्र सरकार के चार लेबर कोड को रद्द करने और तत्काल प्रभाव से 12वां वेज बोर्ड गठित करने की पुरजोर मांग की। कार्यक्रम को गणेश भुईयां, राम चंद्र उरांव, प्रकाश महतो, श्याम जी महतो, युनुस अंसारी, रंथु उरांव और अनिल राम ने भी संबोधित किया।इस आयोजन को सफल बनाने में शिव प्रसाद चौहान, बीरू मुंडा, मथुरा मंडल, एस डी महतो, मुकेश साव, सुनील उरांव, चंदन शर्मा, मो. अफजल, मो. जसीम, मो. जमशेद, चरका गंझू, अजय राम और बाबूलाल भगत की सक्रिय भूमिका रही। कार्यक्रम का समापन 'चार लेबर कोड रद्द करो' और '12वां वेज बोर्ड गठन करो' के नारों के साथ हुआ।