दुमका जिला के मसलिया प्रखंड अंतर्गत पलासी मैदान में दो दिवसीय सुब्रत मुखर्जी कप फुटबॉल प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी मो० जियारुल अंसारी की अध्यक्षता में संपन्न इस टूर्नामेंट में क्षेत्र के कुल 17 विद्यालयों की 26 टीमों ने हिस्सा लिया और खेल भावना का परिचय दिया।
प्रतियोगिता का समापन पुरस्कार वितरण के साथ हुआ। टूर्नामेंट के पहले दिन बालिका और अंडर-15 बालक वर्ग के मुकाबले हुए। अंडर-17 बालिका वर्ग में यूएचएस तसरिया ने बाजी मारी, जबकि उच्च विद्यालय दलाही दूसरे और यूएचएस पिंडारी तीसरे स्थान पर रही। वहीं, अंडर-15 बालक वर्ग में उत्क्रमित उच्च विद्यालय तसरिया ने प्रथम, मवि दलाही ने द्वितीय और सीएमएसओई मसलिया ने तृतीय स्थान हासिल किया।
दूसरे दिन अंडर-17 बालक वर्ग के रोमांचक मैचों में प्लस टू उच्च विद्यालय मसलिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। प्लस टू उत्क्रमित उच्च विद्यालय तसरिया उपविजेता रही और जमा दो उत्क्रमित उच्च विद्यालय मोहनपुर को तृतीय स्थान से संतोष करना पड़ा।मैच को सुचारू रूप से संपन्न कराने में स्थानीय खिलाड़ियों दिनेश मरांडी, कार्मेल हेम्ब्रम, राजकिशोर मुर्मू, कालेश्वर मरांडी व रामलाल हेम्ब्रम ने रेफरी के रूप में अहम भूमिका निभाई। वहीं, निर्णायक मंडली में शिक्षक प्रवीण टुडू, काशीनाथ हांसदा व ऊषा रानी एक्का का योगदान सराहनीय रहा।
प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी एवं प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी ने विजेता टीमों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया। सीआरपी विश्वजीत राहा द्वारा मंच का सफल संचालन किया गया। आयोजन को सफल बनाने में आरटी सुनील कुमार, बीआरपी मो० शाहजहां अंसारी, मुकेश कुमार, राकेश निराला, सीआरपी राजेश प्रसाद झा, सोनी कुमारी एवं शिक्षक वरूण कुमार घांटी, मिठून नन्दी, राजेश कुमार दत्त व अजय कुमार पाल ने कड़ी मेहनत की।